केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को उम्मीदवार बनाया है। वह बुधवार को नामांकन करेंगी। इस दौरान वायनाड में एक बड़ी रैली होगी, जिसमें प्रियंका गांधी के साथ उनके भाई और वायनाड के पूर्व सांसद राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मौजूद रहेंगे। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। जानकारी दी है कि बुधवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सुबह 11 बजे कलपेट्टा न्यू बस स्टैंड से रोड शो का नेतृत्व करेंगे।

कांग्रेस के सभी बड़े नेता रहेंगे शामिल

सूत्रों ने बताया कि प्रियंका गांधी के नामांकन में कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ प्रमुख राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय नेताओं के भी अपना समर्थन दिखाने के लिए मौजूद रहने की संभावना है। पिछले सप्ताह चुनाव आयोग द्वारा वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा के साथ ही प्रियंका गांधी की चुनावी राजनीति में एंट्री हो गई थी।

पहली बार चुनावी राजनीति में प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी पहली बार चुनावी राजनीति में हिस्सा ले रही हैं। वायनाड सीट राहुल गांधी ने छोड़ दी थी। वायानाड लोकसभा क्षेत्र में पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें प्रियंका गांधी का स्वागत किया गया है। कांग्रेस ने जून में ही घोषणा की थी कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में रायबरेली संसदीय क्षेत्र को बरकरार रखेंगे और केरल में वायनाड सीट खाली कर देंगे, जहां से उनकी बहन प्रियंका गांधी अपना चुनावी पदार्पण करेंगी।

कौन हैं किसान नेता सत्यन मोकेरी? वायनाड में प्रियंका गांधी को देंगे टक्कर

अगर प्रियंका गांधी चुनाव जीतती हैं तो यह पहली बार होगा जब वह सांसद के तौर पर संसद में प्रवेश करेंगी। यह भी पहली बार होगा कि गांधी परिवार के तीन सदस्य – सोनिया, राहुल और प्रियंका – एक साथ संसद में होंगे। प्रियंका गांधी के सामने वरिष्ठ भाकपा नेता और पूर्व विधायक सत्यन मोकेरी (Sathyan Mokeri) उपचुनाव में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा के उम्मीदवार होंगे। वहीं बीजेपी की ओर से नव्या हरिदास मैदान में होंगी। माना जा रहा है कि इन दोनों उम्मीदवारों के मैदान में होने से प्रियंका गांधी को चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।