कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में किसी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। वह सभी सीटों पर अपने बलबूते चुनाव लड़ेगी। प्रियंका ने ट्विटर पर सवाल पूछा कि बीजेपी की सरकार सपा-बसपा पर आक्रमण क्यों नहीं करती? हमारी आस्था, देशभक्ती और हमारे नेताओं पर तरह-तरह के आक्रमण करते हैं। लेकिन सपा-बसपा पर आक्रमण नहीं करते हैं, क्योंकि वे लड़ नहीं रहे हैं। वो जानते हैं कि असली लड़ाई UP में सिर्फ कांग्रेस लड़ रही है।

प्रियंका ने बुलंदशहर में कांग्रेस प्रतिज्ञा सम्मेलन के दौरान ऐलान किया कि कार्यकर्ताओं ने उनसे कहा कि कुछ भी करिए पर इस बार गठबंधन मत करिये। मैं आप लोगों को आश्वासन देना चाहती हूं कि हम सारी सीटों पर लड़ेंगे। अपने दम पर लड़ेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस सम्मेलन में प्रियंका ने तीन मंडलों के 14 जिलों से आए 7 हजार से ज्यादा पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। इस दौरान चुनावी रणनीति, कांग्रेस के अभियानों, सोशल मीडिया और बूथ तक संगठन की मजबूती पर चर्चा हुई।

प्रियंका ने कहा कि पार्टी ने पांच साल तक संगठन के बल पर जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष किया है। इसी संगठन के बल पर पार्टी प्रदेश की सभी 403 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उनकी पार्टी ने हर मुद्दे पर संघर्ष किया है। प्रियंका ने आरोप लगाया कि बाकी पार्टियों ने जनता की लड़ाई नहीं लड़ी। प्रियंका ने कहा कि वह आजादी के आंदोलन के ‘करो या मरो’ के नारे को पुनर्जीवित करना चाहती हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मजबूती से लड़ना होगा।

गौरतलब है कि यूपी की पूर्व सीएम व बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने भी इस बार का चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान किया है। मायावती ने कहा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में बहुजन समाज पार्टी किसी भी दूसरी पार्टी के साथ किसी भी प्रकार का कोई चुनावी समझौता नहीं करेगी। बीएसपी अकेले अपने दम पर विधानसभा का चुनाव लड़ेगी। वहीं बीजेपी और सपा दूसरे दलों से गठबंधन को तरजीह दे रही हैं।