लोकसभा चुनाव के मद्देनजर महाराष्ट्र में कांग्रेस और राकांपा के गठबंधन के बाद भाजपा ने शिवसेना के साथ तल्ख रिश्तों में नरमी लाने का संकेत दिया है। भाजपा ने शिवसेना के साथ गठबंधन के सवाल पर कहा कि थोड़ा इंतजार कीजिए। लोकसभा चुनाव के कुछ ही महीने शेष होने के बीच भाजपा ने शिवसेना के साथ तल्ख रिश्तों के बावजूद गठबंधन के द्वार खोल रखे हैं। शिवसेना के साथ गठबंधन के बारे में एक सवाल के जवाब में भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि शिवसेना राजग का हिस्सा है और सरकार में भी शामिल है। उन्होंने कहा कि हमने 2014 का लोकसभा चुनाव साथ में मिलकर लड़ा था। हम महाराष्ट्र में सरकार में सहयोगी हैं और राष्ट्रीय स्तर पर भी सरकार में हैं। जावड़ेकर ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा और शिवसेना मिलकर चुनाव लड़ी थी। तब भाजपा 26 सीटों पर और शिवसेना 22 सीटों पर चुनाव मैदान में उतरी थी। इस गठबंधन ने 48 में से 41 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा नेता ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2019 के बारे में थोड़ा इंतजार कीजिए।

लंबे समय के साझेदार भाजपा और शिवसेना में 2014 तक यह समझ थी कि भाजपा राज्य में लोकसभा की ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ती थी और शिवसेना महाराष्ट्र विधानसभा की ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ती थी। 2014 के विधानसभा चुनाव में हालांकि यह गठबंधन खत्म हो गया, जब भाजपा ने मजबूत मोदी लहर पर सवार होकर अकेले महाराष्ट्र में चुनाव लड़ी और 122 सीटों पर जीत हासिल की जबकि शिवसेना को महज 63 सीटों पर जीत मिली। वहीं मुंबई में शिवसेना ने सोमवार को कहा कि वह महाराष्ट्र में भाजपा के साथ गठबंधन में हमेशा ‘बड़े भाई’ की भूमिका में रहेगी और भाजपा की तरफ से इस आशय का कोई प्रस्ताव नहीं मिला है।

शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में हुई एक बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में शिवसेना के राज्यसभा सदस्य और संसद में मुख्य सचेतक संजय राउत ने कहा कि पार्टी यह भी चाहती है कि आयकर सीमा भी 2.5 लाख से बढ़ाकर आठ लाख रुपए कर दी जाए। दूसरी ओर, भारत में गरीबों की संख्या में कमी से जुड़ी एक मीडिया रिपोर्ट के हवाले से भाजपा ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने देश से गरीबों को हटाया, जबकि केंद्र सरकार देश से गरीबी हटाने का काम कर रही है। भाजपा के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि गरीबी कम करने की दिशा में केंद्र सरकार की योजनाएं कारगर साबित हो रही हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रसिद्ध संस्था वर्ल्ड डाटा लैब के निष्कर्षों को पूरी दुनिया मानती है और इस संस्था ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि भारत में अत्यधिक तेजी से गरीबी कम हो रही है। जावड़ेकर ने जोर दिया कि 2012 में ग्रामीण भारत में 14 फीसद लोग गरीबी की रेखा के नीचे थे और अब यह संख्या 4 फीसद हो गई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने देश से गरीबों को हटाया जबकि प्रधानमंत्री मोदी देश से गरीबी हटाने का काम कर रहें हैं। सरकार पर राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं के आरोपों के बारे में एक सवाल के जवाब में भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस कभी मुख्यधारा की पार्टी हुआ करती थी लेकिन वह अब संकीर्ण पार्टी बन कर रह गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दो मित्र व हित चिंतक अखिलेश यादव और मायावती अब कांग्रेस को चुनावी पार्टनर बनाने योग्य भी नहीं समझ रहे हैं। सपा व बसपा ने उत्तरप्रदेश में मां-बेटे (सोनिया व राहुल) के लिए ही दो सीटें छोड़ी हैं।

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया द्वारा एक महिला से बदसलूकी की खबर को लेकर भाजपा ने राहुल गांधी पर हमला किया है। जावड़ेकर ने कहा कि राहुल गांधी को बताना चाहिए कि वह उनके (सिद्धरमैया) साथ क्या करेंगे। भाजपा नेता ने कहा कि जिस तरह से उन्होंने (सिद्धरमैया) एक महिला के साथ दुर्व्यवहार किया, यह एक अपराध भी है। इसी से पता चलता है कि वो महिलाओं की कितनी इज्जत करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल एक परिवार की महिलाओं का सम्मान करती है, बाकी किसी का कोई सम्मान नहीं है।