उत्तर पश्चिम भारत में रविवार को हिमाचल प्रदेश, कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है। कहीं-कहीं भारी बर्फबारी के साथ तूफान, बिजली गिरने और ओलावृष्टि के लिए पीली चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली-पंजाब-हरियाणा-चंडीगढ़ और राजस्थान में चार फरवरी को अलग-अलग स्थानों पर तूफान के साथ बारिश, तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में पांच को तूफानी बारिश हो सकती है। शनिवार को भी हिमाचल बाकी पेज 8 पर व राजस्थान में बारिश व कहीं कहीं ओले पड़ने की सूचना है। भारतीय मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
उत्तर पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ की मेहरबानी शनिवार से शुरू होकर सोमवार तक जारी रहेगी। भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम भारत के लिए जारी विशेष बुलेटिन में कहा है कि शनिवार को जम्मू कश्मीर हिमाचल सहित राजस्थान में तेज हवा के साथ तूफानी बारिश हुई और ओले भी पड़े है। चार फरवरी को पश्चिमी हिमालय पर बर्फबारी की तीव्रता बढ़ जाएगी। बारिश के साथ बिजली गिरने की भी सूचना है। पांच फरवरी को इसमें कमी आएगी और छह फरवरी से मौसम साफ होने लगेगा।
जम्मू व हिमाचल में भारी बर्फबारी के साथ तूफान, बिजली गिरने और ओलावृष्टि के लिए पीली चेतावनी व दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम के आसपास के मध्य भारत में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना को देखते हुए नारंगी चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी। विभाग ने यह भी बताया कि जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल में तूफान व तेज हवाओं के साथ अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि के साथ बहुत भारी बारिश हुई है बर्फ पड़ी है।
हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में लगातार कई दिनों तक हुई मध्यम से भारी बर्फबारी के बाद राज्य में चार राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 504 सड़कें यातायात के लिए बंद कर दी गर्इं। राज्य में 31 जनवरी और एक फरवरी को भी कई हिस्सों में मध्यम से भारी बर्फबारी हुई है। सड़कों से जल्द से जल्द बर्फ हटाने के लिए सफाई का काम तेजी से चल रहा है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी रही, यहां तक कि न्यूनतम तापमान में कुछ डिग्री की वृद्धि हुई, लेकिन यह सामान्य से नीचे रहा।
पंजाब और हरियाणा में ठंड की स्थिति जारी है। शनिवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर के आसपास रहा।हरियाणा में, हिसार का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अंबाला का न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा। करनाल, नारनौल, रोहतक, भिवानी और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.4, 9, 7.2, 9.4 और 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के अनेक इलाकों में शनिवार सुबह बूंदाबांदी हुई। बीते 24 घंटे में कोलायत एवं नोखा में एक-एक मिलीमीटर और जैसलमेर में 0.5 मिलीमीटर बारिश हुई। कई अन्य इलाकों में भी बूंदाबांदी हुई। इस दौरान करौली में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस, अलवर में 5.6 डिग्री, पिलानी में 6.8 डिग्री, सिरोही एवं संगरिया में 9.7 डिग्री तथा गंगानगर में 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई। राजस्थान और दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाया रहा।