जाट कॉलेज फायरिंग मामले का आरोपी शिकंजे में आ गया है। शनिवार को उसे दिल्ली से अरेस्ट कर लिया गया। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने उसे समयपुर बादली इलाके से दबोचा। आरोपी की पहचान सुखवेंद्र सिंह के तौर पर हुई है।
बता दें कि शुक्रवार को हरियाणा के रोहतक स्थित जाट कॉलेज में बाइक सवार बदमाशों ने अखाड़े में घुसकर फायरिंग कर दी थी। हमले में महिला समेत पांच लोगों की जान चली गई थी, जबकि तीन लोग जख्मी हुए थे। घायलों में एक तीन वर्षीय बच्चा भी शामिल था। जाट कॉलेज के अखाड़े में हुई फायरिंग की घटना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फ़ैल गयी थी। अचानक हुई गोलीबारी के बाद कॉलेज में अफरा तफरी का माहौल बन गया था. जिसकी वजह से वहां मौजूद लोग बदमाश और उसकी गाड़ी को ठीक से नहीं देख पाए थे।
हालाँकि घटना के तुरंत बाद पत्रकारों को जानकारी देते हुए रोहतक के पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने कहा था कि गोलीबारी की वजह से तीन लोगों की मौत हो गई है और कुछ लोगों का उपचार चल रहा है। घटना के बारे में जानकारी जुटाने के लिए हमने दलों का गठन किया है। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोलीबारी किसने की। लेकिन बाद में गोली लगने की वजह से दो और लोगों की मौत हो गयी थी।
गोलीबारी की घटना को अंजाम देने वाले रेसलिंग कोच सुखवेंद्र सिंह को दिल्ली और हरियाणा की पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन करते हुए दिल्ली के बादली इलाके से पकड़ा है।