पंजाब में प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक के मामले में बीजेपी, कांग्रेस पर आक्रमक रूख अपना रखी है। अब भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रियंका गांधी पर सीएम चन्नी से रिपोर्ट लेने के कारण हमला बोला है। हालांकि पात्रा के इस कदम पर सोशल मीडिया यूजर उन्हे संघ प्रमुख मोहन भागवत की याद दिलाते हुए ट्रोल करने लग गए।
पात्रा ने क्या कहा- बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि सीएम ने पीएम की सुरक्षा के बारे में प्रियंका गांधी को जानकारी क्यों दी। उन्होंने कहा- “एक सीएम ने प्रियंका गांधी वाड्रा को पीएम की सुरक्षा के बारे में जानकारी दी! क्यों? प्रियंका के पास कौन सा संवैधानिक पद है और उन्हें पीएम की सुरक्षा के संबंध में क्यों जानकारी देनी है? गांधी परिवार को इस पर सफाई देनी चाहिए।”
पात्रा की यह टिप्पणी पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के यह कहने के एक दिन बाद आई है कि उन्होंने बुधवार को पीएम मोदी के राज्य के दौरे के दौरान जो कुछ हुआ, उसकी जानकारी प्रियंका गांधी को दी है।
पात्रा हो गए ट्रोल- संबित पात्रा के इस बयान के बाद लोग उन्हें ट्विटर पर ट्रोल करने लगे। लोगों ने उस वाक्ये की भी याद दिलाई जब पीएम और केंद्रीय मंत्री ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को अपने काम काज के बारे में ब्रीफ किया था। रविराज माथुर (@rmahur0055) नाम के यूजर ने लिखा- “सभी मंत्री आरएसएस को रिपोर्ट क्यों करते हैं? क्या आरएसएस एक संवैधानिक संस्था है”।
एक और ट्विटर हैंडल @SarcasticRofl ने ट्वीट कर लिखा- “पीएम ने मोहन भागवत को दी रिपोर्ट, वह किस पद पर हैं, दरअसल भागवत उस संगठन से हैं जो कभी भारत विरोधी गतिविधियों के लिए प्रतिबंधित था”।
एक अन्य यूजर रूबेल जूड (@RoobelJ) ने लिखा- “आपकी सरकार के तत्कालीन जनरल बिपिन रावत और वर्तमान एनएसए अजीत डोभाल ने जाकर आरएसएस प्रमुख को जानकारी दी। उनके द्वारा जानकारी दिए जाने के लिए उनके पास कौन सा संवैधानिक अधिकार या पद था”?
पात्रा के इस बयान पर तंज कसते हुए यूजर सुष्मिता मजूमदार (@Susmita_Speaks) ने लिखा- “मैंने प्रियंका गांधी जी के साथ बातचीत की और मैंने उन्हें यहां जो कुछ भी हुआ उसके बारे में जानकारी दी थी- चन्नी जी कांग्रेस पार्टी से संबंधित हैं, इसलिए उन्हें किसी भी कार्य के लिए पार्टी के लिए जवाबदेह होना चाहिए और वो यही कर रहे थे। सिंपल पार्टी डेकोरम समझ नहीं आता तो प्रॉब्लम आपका है”।
एक अन्य यूजर मयंक श्रीवास्तव (@MayankS40746347) ने लिखा- “भाई कांग्रेस पार्टी को ब्रीफ कर रहे थे सीएम, प्रियंका गांधी कांग्रेस की ओर से डिटेल्स ले रही थी, समस्या क्या है”?
बता दें कि पीएम मोदी बुधवार को फिरोजपुर में एक रैली को संबोधित करने वाले थे, जहां वो भटिंडा एयरपोर्ट से सड़क मार्ग के जरिए कार्यक्रम स्थल तक जा रहे थे, रास्ते में उन्हें एक फ्लाईओवर पर 15-20 मिनट रुकना पड़ गया, जिसके बाद उन्होंने अपना दौरा कैंसिल कर दिया था। जिसके बाद पीएम की ओर से सुरक्षा चूक की बात कही गई थी।