कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में नफरत बढ़ रही है और घृणा का माहौल है। उन्होंने कहा कि जगह-जगह हिंसा हो रही है, संविधान की धज्जियां उड़ रही है और लोकतंत्र खतरे में है।

कांग्रेस का सिद्धांत है सब मिलजुल कर रहें: अशोक गहलोत

अशोक गहलोत ने कहा कि हम चाहते हैं सब धर्मों के और जातियों के लोग मिलजुलकर साथ रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सिद्धांत यही है कि सब मिलजुल कर एक रहे। अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा के लोग पीछे 75 सालों से नेहरू, गांधी और सरदार पटेल का नाम नहीं ले रहे। जब चुनाव आता है तब उनको उनकी याद आती है।

अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा के लोग हमें पाठ सिखाते हैं लेकिन हमने सभी धर्मों की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी जी और राजीव गांधी जी ने जान देकर सभी धर्मों की रक्षा की है और ये हमें ही पाठ सिखाते हैं। अशोक गहलोत ने कहा कि इनको हमारी पार्टी में क्या चल रहा है, उसकी बड़ी चिंता रहती है। वह वंशवाद का आरोप लगाते हैं। लेकिन हमने कभी पूछा कि आरएसएस और बीजेपी वाले क्या कर रहे हैं?

मोदी की इज्जत कम हो रही: अशोक गहलोत

अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा के लोग कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते हैं लेकिन इनको नहीं पता कि कांग्रेस के लोग घर-घर में हैं। कांग्रेस मुक्त भारत कभी नहीं होने वाला है। अशोक गहलोत ने कहा, “मोदी जी की खुद की इज्जत कम होती जा रही है। उनकी पार्टी में ही उनकी इज्जत कम हो रही है। जनता में तो कम हुई है। पार्टी में ही उनके खिलाफ बड़ा विद्रोह हो सकता है।”

अशोक गहलोत ने कहा कि मोदी जी ओबीसी समाज से आते हैं लेकिन ओबीसी समाज का तो कम से कम मान सम्मान रखें। उन्होंने कहा कि पहले जो बीजेपी की संसदीय दल की बैठक में मोदी जी की इज्जत होती है, क्या वैसे इज्जत होती है? मोदी जी को प्रधानमंत्री पद की गरिमा समझना चाहिए। आपकी पार्टी आपके खिलाफ हो रही है। अशोक गहलोत ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि आरएसएस से इनकी बनती है कि नहीं बनती है, यह हमसे क्यों पूछ रहे हैं, उनसे पूछो।