Bihar News: केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी अवामी मोर्चा (सेक्युलर) प्रमुख जीतन राम मांझी ने शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार मुख्यमंत्री नीतीश को यह पुरस्कार देकर सबको चौंकाएगी।
मांझी की यह मांग नीतीश कुमार के पार्टी सहयोगी केसी त्यागी की इसी तरह की मांग के बाद आई है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “भारत रत्न नीतीश कुमार जी… ये शब्द सुनने में कितना अच्छा लगेगा ना। हमें पूर्ण विश्वास है कि अपने फैसले से सबको चौंका देने वाले माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न से नवाजे जाने का फैसला कर एक बार फिर से सबको चौकाएंगें।”
केसी त्यागी ने की थी नीतीश को भारत रत्न देने की मांग
बता दें कि शुक्रवार को जेडीयू नेता केसी त्यागी ने नीतीश कुमार को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री एनडीए के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवंगत चौधरी चरण सिंह और दिवंगत कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया था। हम इसके लिए आभार व्यक्त करते हैं।
ये भी पढ़ें: कितनी है बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नेट वर्थ? सम्राट चौधरी को लेकर भी सामने आई जानकारी
त्यागी ने एएनआई को बताया, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवंगत चौधरी चरण सिंह और दिवंगत कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया था। हम इसके लिए आभार व्यक्त करते हैं। नीतीश कुमार समाजवादी आंदोलन से जुड़े सबसे प्रतिभाशाली नेताओं में से एक हैं जो अभी जीवित हैं। वे एनडीए के संस्थापकों में से एक हैं। वे ‘सुशासन बाबू’ हैं। हमने आग्रह किया है कि उन्हें भी जीवित रहते हुए भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।”
जेडीयू ने त्यागी के बयान से किया किनारा
कुछ घंटों बाद ही जेडीयू ने केसी त्यागी की मांग से खुद को अलग कर लिया। जेडीयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने शनिवार को कहा कि त्यागी के बयान का पार्टी की गतिविधियों से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा, “बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वस्थ हैं। वे लगातार राज्य की जनता की सेवा कर रहे हैं। उनका (केसी त्यागी का) पार्टी की गतिविधियों से कोई संबंध नहीं है। उनके बयान व्यक्तिगत तौर पर दिए गए हैं और पार्टी का उनसे कोई संबंध नहीं है।” पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
