प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) शनिवार (3 जून, 2023) को गोवा की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन मडगांव से मुंबई के बीच चलेगी और 586 किलोमीटर की दूरी आठ घंटे में तय करेगी। यह भारत में 19वीं और मुंबई से चलने वाली चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत (Railway Minister Ashwini Vaishnaw and Goa Chief Minister Pramod Sawant) मडगांव रेलवे स्टेशन पर समारोह के लिए मौजूद रहेंगे।
गोवा और मुंबई के बीच कनेक्टिविटी में सुधार करने में मदद मिलेगी
गोवा वंदे भारत एक्सप्रेस के लॉन्च से गोवा और मुंबई के बीच कनेक्टिविटी में सुधार करने में मदद मिलेगी और इससे गोवा में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। ट्रेन को स्थानीय और पर्यटकों दोनों ही उत्सुक है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने रेलवे अधिकारियों के हवाले से बताया कि पीएम मोदी सुबह करीब 10.45 बजे ट्रेन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाएंगे और ट्रेन के शाम करीब 6.30 बजे मुंबई पहुंचने की उम्मीद है।
मुंबई-गोवा रूट पर वंदे भारत ट्रेन में सामान्य 16 कोचों के विपरीत आठ कोच होंगे और यह शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। ट्रेन वाई-फाई, एलईडी स्क्रीन और आरामदायक सीटों सहित आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। वर्तमान में 16-कोच वाली वंदे भारत ट्रेनें सीएसएमटी (मुंबई) और साईनगर शिर्डी, सीएसएमटी-सोलापुर और मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद के बीच चलती हैं, जबकि एक अन्य ट्रेन नागपुर और बिलासपुर के बीच चलती है।
हालांकि अभी तक गोवा वंदे भारत का नियमित कार्यक्रम सामने नहीं आया है। लेकिन ट्रेन के मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से सुबह 5.25 बजे प्रस्थान करने और दोपहर 1.15 बजे मडगांव पहुंचने की उम्मीद है। ट्रेन उसी दिन मडगांव से दोपहर 2.35 बजे रवाना होगी और रात 10.25 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी। इसके सात स्टेशनों पर रुकने की उम्मीद है, जिसमे दादर, ठाणे, पनवेल, खेड़, रत्नागिरी, कंकावली और थिविम शामिल है।
वंदे भारत एक्सप्रेस अधिकतम 160 किमी प्रति घंटे की गति से चल सकती
पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को 15 फरवरी, 2019 को नई दिल्ली कानपुर-इलाहाबाद-वाराणसी रूट पर हरी झंडी दिखाई गई थी। वंदे भारत एक्सप्रेस अधिकतम 160 किमी प्रति घंटे की गति तक चल सकती है।
15 अगस्त 2021 को लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की थी कि स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के 75 सप्ताह के दौरान 75 वंदे भारत ट्रेनें देश के कोने-कोने को जोड़ेगी। केंद्रीय बजट 2022-23 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने घोषणा की थी कि अगले तीन वर्षों के दौरान चार सौ नई पीढ़ी की वंदे भारत ट्रेनों का निर्माण किया जाएगा।