PM Modi Rajya Sabha Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दे रहे हैं। प्रधानमंत्री ने दोपहर 2 बजे राज्यसभा को संबोधित करना शुरू किया। पीएम मोदी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस के अपने नेता की कोई गारंटी नहीं है, वो मोदी की गारंटी पर सवाल उठा रहे हैं।
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आलोचना करना कुछ लोगों की मजबूरी है। कड़वी बातें करना कुछ साथियों की मजबूरी है। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर निशाना साधते हुए कहा, “सदन में देश के प्रधानमंत्री की आवाज को घोंटने का प्रयास किया गया। मुझे बहुत सताया गया है। हम बड़े धैर्य और नम्रता के साथ आपके एक-एक शब्द को सुनते रहे हैं लेकिन आप आज भी न सुनने की तैयारी के साथ आए हैं। परंतु मेरी आवाज को आप दबा नहीं सकते। देश की जनता ने इस आवाज को ताकत दी है इसलिए मैं भी इस बार पूरी तैयारी के साथ आया हूं।”
खड़गे जी ने मनोरंजन की कमी पूरी की- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल से आपको चुनौती मिली है। 40 पार न करने की चुनौती आई है। मैं प्रार्थना करता हूं कि आप 40 बचा पाएं। उन्होंने आगे कहा, “मैं खड़गे जी का विशेष आभार प्रकट करता हूं। मैं उस दिन इन्हें बहुत ध्यान और आनंद से सुन रहा था। लोकसभा में मनोरंजन की जो कमी हमें खल रही थी, वो इन्होंने पूरी कर दी थी। दो कमांडो उस दिन नहीं आए थे और इन्होंने मौके का फायदा उठाते हुए खूब चौके-छक्के लगाए।”
केवल अपने परिवार को भारत रत्न देते रहे- प्रधानमंत्री
पीएम मोदी ने कहा कि ये पार्टी अब आउटडेटेड हो गयी है। यह पार्टी आजादी के बाद से ही कंफ्यूज है। कांग्रेस के कार्यकाल में देश नाराज था। ये मोदी की गारंटी पर सवाल उठा रहे हैं। प्रधानमंत्री बोले, “कांग्रेस ने नैरेटिव फैलाया, जिसका परिणाम हुआ कि भारत की संस्कृति और संस्कारों को मानने वाले लोगों को बड़े हीन भाव से देखा जाने लगा। इस प्रकार हमारे अतीत के साथ अन्याय किया गया। इसका नेतृत्व कहां होता था, ये दुनिया भलीभांति जानती है। जिस कांग्रेस ने OBC को पूरी तरह कभी आरक्षण नहीं दिया, जिसने सामान्य वर्ग के गरीबों को कभी आरक्षण नहीं दिया, जिसने बाबा साहब को भारत रत्न के योग्य नहीं माना केवल अपने परिवार को भारत रत्न देते रहे।”
संसद के बजट सत्र की शुरुआत में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अभिभाषण दिया था, जिसके अगले दिन 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश का अंतरिम बजट पेश किया था। इससे पहले पीएम मोदी ने बीते 5 फरवरी को लोकसभा में भाषण दिया था। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा था।