प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 100वें एपिसोड का रविवार (30 अप्रैल, 2023) को प्रसारण किया गया। इस एपिसोड की देशभर में चर्चा है। ऐसे में सरकार ने इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए कई तरह के प्रयास किए हैं। देशभर में कई प्लेटफॉर्म पर कार्यक्रम की लाइव स्क्रीनिंग भी की गई। आइए जानते हैं कार्यक्रम के दौरान पीएम की खास बातें-
- मन की बात कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश और दुनिया भर में मन की बात के श्रोताओं को बधाई। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम मेरे लिए अहं से वयं की यात्रा है। उन्होंने कहा, “मन की बात मेरे लिए दूसरों के गुणों की पूजा करने की तरह रहा है।” उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से वोकल फॉर लोकल को बड़ी ताकत मिली है।
- प्रधानमंत्री ने बताया कि वह कई बार मन की बात की रिकॉर्डिंग के दौरान भावुक हुए। उन्होंने कहा मैं इस कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग के दौरान इतनी बार भावुक हुआ हूं कि इसको दोबारा रिकॉर्ड करना पड़ा है। मेरे लिए ये सफर मेरे लिए बेहद खास और महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस दौरान पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का जिक्र करते हुए कहा, “मन की बात जिस विषय से जुड़ा वो जन-आंदोलन बन गया और उसे जनआंदोलन आप लोगों ने बनाया। जब मैंने तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ मन की बात साझा की थी। उसकी चर्चा पूरे विश्व में हुई थी। मन की बात मेरे लिए दूसरों के गुणों की पूजा करने जैसा है।”
- पीएम मोदी ने कहा, “भारत के सामाजिक तानेबाने को मजबूती देने में मन की बात माला के धागे की तरह है, जो हर मनके को जोड़े रखता है। इस कार्यक्रम में सब एक-दूसरे के लिए प्रेरणा बनते हैं। यह हमेशा सद्भावना, सेवा भावना और कर्तव्य भावना से ही आगे बढ़ता रहा है। अमृतकाल में यही पॉजिटिवीटी देश को आगे ले जाएगी।”
- पीएम ने टूरिज्म पर बात करते हुए कहा, “आज देश में टूरिज्म ग्रोथ कर रहा है। पर्यटन में स्वच्छता के साथ हमने इनक्रेडिबल मूमेंट की भी चर्चा की। इससे कई ऐसी जगहों का लोगों का पता चला, जो उनके आस-पास ही थीं। हमने स्वच्छ सियाचीन, सिंगल यूज प्लास्टिक पर भी बात की है। आज पूरी दुनिया पर्यावरण के जिस विषय पर चिंता में है उसमें मन की बात का यह प्रयास काफी खास है।”
- इस दौरान, पीएम मोदी ने हरियाणा के सुनील जगलान से बात की। सुनील ने सेल्फी विद डॉटर मुहीम शुरू की थी। पीएम ने कहा, “उनकी मुहीम का मेरे मन पर असर इतना इसलिए पड़ा क्योंकि लिंग अनुपात पर हरियाणा में वहां बहुत चर्चा होती थी और हमने बेटी बचाओ यहीं से शुरू किया। सुनील के सेल्फी विड डॉटर ने मुझे आकर्षित किया, क्योंकि इसमें मुख्य बिंदू बेटियां थीं। अब हरियाणा में जेनडर रेशो सुधरा है।”
- प्रधानमंत्री ने कहा, “मन की बात कोटि-कोटि भारतीयों के मन की बात है। उनकी भावनाओं का प्रकटीकरण है। 3 अक्टूबर, 2014 के दिन हमने इस कार्यक्रम की यात्रा शुरू की। मन की बात में देश के कोने-कोने से लोग जुड़े। हर आयु वर्ग के लोग जुड़े।”
2014 में शुरू किए गए इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री का फोकस हमेशा मुख्यरूप से योग, महिला सशक्तिकरण, युवा और साफ-सफाई पर रहा। आज सुबह 11 बजे कार्यक्रम का 100वां ऐपिसोड प्रसारित किया जाएगा, जिसके लिए केंद्र सरकार और भाजपा ने विशेष तैयारियां की हैं। मन की बात कार्यक्रम 7 लोक कल्याण मार्ग पर रिकॉर्ड किया जाता है। 100वें एपिसोड को ऐतिहासिक बनाने के लिए जोरदार तैयारी की जा रही है। ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन पर पीएम मोदी का मन की बात कार्यक्रम प्रसारित किया जाएगा। 3 अक्टूबर, 2014 को कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी और मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में मन की बात 2.0 का हर महीने के आखिरी रविवार को प्रसारण होता है। इस दौरान, प्रधानमंत्री देश के विभिन्न मुद्दों पर बात करते हैं। मन की बात के 100वें एपिसोड का संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में सीधा प्रसारण किया गया।