केंद्रीय कैबिनेट में होने वाले बदलाव को लेकर दिल्ली में सियासी हलचल तेज है। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, रमेश पोखरियाल निशंक, डॉ हर्षवर्धन सहित कई मंत्रियों ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। इधर गृह मंत्री अमित शाह के साथ लोजपा नेता पशुपति नाथ पारस प्रधानमंत्री आवास पर मौजूद हैं। उनके अलावा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मीनाक्षी लेखी, सर्बानंद सोनोवाल, पुरुषोत्तम रूपाला, निसिथ प्रमाणिक, आरसीपी सिंह भी प्रधानमंत्री आवास पर पहुच चुके हैं।

खबरों के अनुसार केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, रमेश पोखरियाल निशंक, डॉ हर्षवर्धन के अलावा देबोश्री चौधरी, संजय धोत्रे,बाबुल सुप्रियो,राव साहेब दानवे पाटिल,सदानंद गौड़ा को भी पदमुक्त कर दिया गया है। जिन लोगों के नाम मंत्री बनने वालों में लगभग तय माना जा रहा है उनमें सबसे ऊपर ज्योतिरादित्य सिंधिया, सर्बानंद सोनोवाल, नारायण राणे, वरुण गांधी तथा मीनाक्षी लेखी की चर्चा है। पशुपति नाथ पारस को लेकर भी संभावना जतायी जा रही है। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी और केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री पुरुषोत्तम रूपाला भी प्रधानमंत्री आवास में मौजूद हैं। माना जा रहा है कि इन मंत्रियों की पदोन्नति हो सकती है।

PM Modi cabinet expansion Live Updates

माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री से मिलने पहुंचे सभी नेता, शाम छह बजे राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में, मंत्री पद की शपथ लेंगे। मौजूदा मंत्रिपरिषद में कर्नाटक के राज्यपाल बनाए गए केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत सहित कुल 53 मंत्री हैं और नियमानुसार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में अधिकतम मंत्रियों की संख्या 81 हो सकती है।

क्या जदयू बीजेपी की बन गयी बात? जदयू के अध्यक्ष आरसीपी सिंह भी प्रधानमंत्री आवास पर मौजूद हैं। ऐसा माना जा रहा है कि दोनों ही दलों के बीच मंत्री पद को लेकर बात बन गयी है। बताते चलें कि जब 2019 में सरकार बनी थी उस समय बीजेपी ने सांकेतिक प्रतिनिधित्व के तहत 1 मंत्री पद जदयू को ऑफर किया था जिसे जदयू की तरफ से ठुकरा दिया गया था। हालांकि नीतीश कुमार ने केंद्रीय मंत्रिमंडल के होने वाले विस्तार में उनकी पार्टी के शामिल होने के संकेत मंगलवार को दिया था। साथ ही उन्होंने कहा था कि इस बारे में कोई भी फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे।

चिराग पर पारस को मिलेगी तवज्जो?  केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चा के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) नेता चिराग पासवान ने मंगलवार को कहा था कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अपने चाचा पशुपति नाथ पारस या उनके गुट के किसी अन्य सांसद को लोजपा कोटे से केंद्रीय मंत्रियों की टीम में शामिल नहीं करने का अनुरोध किया है। हालांकि बदलते राजनीतिक समीकरणों में ऐसा माना जा रहा है कि पारस को मंत्री बनाया जाएगा।