एक दिन की बारिश के बाद दिल्ली वाले फिर उमस से बेहाल हैं। हालांकि मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि शनिवार को हल्की राहत के बाद रविवार 18 जुलाई को तेज बारिश हो सकती है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि इस मौसम के सामान्य तापमान से तीन डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने यह जानकारी दी। आइएमडी ने दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में 18 जुलाई को भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। विभाग ने बताया कि सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि शाम पांच बजकर 30 मिनट पर सापेक्षिक आर्द्रता 56 प्रतिशत दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने शनिवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ बौछारें पड़ने अथवा हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है। शहर में मानसून के आने की सामान्य तारीख 27 जून के 16 दिन बाद मंगलवार को इस मौसम की पहली बारिश हुई थी। गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उधर, मुंबई और इसके उपनगरों में शुक्रवार सुबह से भारी बारिश के कारण मीठी नदी में जलस्तर बढ़ जाने से शहर के कुर्ला इलाके से करीब 250 निवासियों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया वहीं उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्र के कई इलाकों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के फिर से सक्रिय होने के बावजूद बारिश नहीं होने से तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है।

उत्तर प्रदेश में यद्यपि गरजचमक के साथ कुछ जगह हल्की बारिश हुई, वहीं हिमाचल प्रदेश के लिये भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अगले छह से सात दिनों में उत्तरी क्षेत्र समेत देश के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूवार्नुमान है।

विभाग ने कहा कि 17 से 20 जुलाई तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। उसने कहा कि 18 से 20 जुलाई तक पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा 18 जुलाई को दिल्ली में भारी बारिश की संभावना है।

विभाग ने कहा कि 18 जुलाई को उत्तर प्रदेश में, 19 जुलाई को जम्मू में और 18 और 19 जुलाई को उत्तराखंड में भी भारी बारिश का अनुमान है। उसने कहा, अगले 24 घंटों के दौरान गुजरात, मध्य प्रदेश और दक्षिण राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका और बारिश होने का अनुमान है। इससे घर के बाहर मौजूद लोगों और जानवरों के हताहत होने की भी आशंका है।