गृह मंत्रालय ने संसद की सुरक्षा में हुई चूक की घटना की जांच DG CRPF से करवाने का फैसला किया है। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता की तरफ से बताया गया कि लोकसभा सचिवालय के अनुरोध पर MHA ने घटना की जांच के लिए एक इन्क्वायरी कमेटी बनाने का फैसला लिया है। यह कमेटी DG, CRPF अनिश दयाल सिंह के नेतृत्व में बनाई गई है। इस कमेटी में अन्य सुरक्षा एजेंसियों के सदस्य और एक्सपर्ट भी शामिल होंगे।

MHA ने बताया कि यह इन्क्वायरी कमेटी संसद की सुरक्षा में चूक की वजह पता लगाएगी, खामियों की पहचान करेगी और आगे क्या एक्शन लेना है यह भी बताएगी। इन्क्वायरी कमेटी को जांच के लिए कोई समय सीमा नहीं दी गई है लेकिन MHA की तरफ से कहा गया है कि कमेटी जल्द से जल्द संसद में सुरक्षा में सुधार के सुझावों सहित सिफारिशों के साथ अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

क्यों बेहद गंभीर मानी जा रही यह चूक?

देश की संसद में बुधवार को सुरक्षा में चूक का एक बड़ा मामला इसलिए बेहद गंभीर माना जा रहा है क्योंकि यह संसद भवन पर हुए हमले के ठीक 22 साल बाद हुआ है। 13 दिसंबर 2001 को संसद पर हमला हुआ था।

साजिश में शामिल 6 लोग

सदन में घुसे दोनों युवकों की पहचान सागर शर्मा और मनोरंजन डी के तौर पर हुई है, हालांकि जानकारी के मुताबिक उनके साथ इस मामले को अंजाम देने में चार और लोग शामिल थे, इन छह लोगों में से पांच अब पुलिस की हिरासत में हैं। इस आर्टिकल में हम आपको इनके बारे में बताने वाले हैं कि ये लोग कौन हैं? पुलिस की हिरासत में मौजूद 4 लोगों की पहचान सागर शर्मा, मनोरंजन, नीलम और अमोल शिंदे के रूप में हुई है।

मनोरंजन डी : इंजीनियरिंग पढ़ने वाला छात्र

इंडियन एक्सप्रेस ने मैसूर के रहने वाले 35 वर्षीय मनोरंजन के परिवार से बात कर जानकारी जमा की है। मनोरंजन डी के पिता ने बताया कि मनोरंजन पढ़ाई-लिखाई में काफी होशियार लड़का है, लेकिन आज जो उसने किया उसे किसी भी तरह स्वीकार नहीं किया जा सकता है। जानकारी सामने आई कि वह अविवाहित है और अपने पिता के साथ फिलहाल खेती में मदद करता है। मनोरंजन ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और पहले बेंगलुरु में एक आईटी फर्म में काम चुका है। उनके पिता ने कहा कि वह अक्सर दिल्ली और बेंगलुरु की यात्रा करता रहा है। मनोरंजन के पिता ने कहा कि वह बहुत सारी किताबें पढ़ता रहा है और खासकर स्वामी विवेकानन्द को पढ़ने का उसे काफी शौक रहा है। पिता ने यह भी बताया कि मनोरंजन छात्र नेता भी रहा है।

सागर : दो दिन पहले घर से निकला

सदन में घुसने और स्मोग छोड़ने वाले शख्स सागर शर्मा का संबंध बीजेपी सांसद से जोड़कर दिखाया जा रहा है। कहा जा रहा है कि सागर शर्मा को विजिटर पास कर्नाटक के मैसूर से सांसद प्रताप सिम्हा के ऑफिस से मिला। सागर के पिता का नाम शंकरलाल शर्मा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने बताया कि सागर शर्मा (28) लखनऊ के मानक नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रामनगर का निवासी है। सागर शर्मा कि माँ का कहना है कि वह दो दिन पहले दिल्ली निकलने की बात कहकर घर से गया था, उसने बताया था कि वह दोस्त के साथ जा रहा है और उसे कुछ काम है। उसकी बहन ने बताया कि सागर पहले बेंगलुरु में काम करता था।

नीलम : हाइली क्वालिफाइड

संसद के बाहर पकड़े गए दो लोगों में से एक नीलम थी। वह हरियाणा की रहने वाली है। समाचार एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में नीलम के भाई ने कहा कि नीलम ने उच्च शिक्षा हासिल की है। वह BA, MA, B.Ed, M.Ed, CTET, M.Phil और NET क्वालिफाई है। वह कई बार बेरोजगारी का विषय उठा चुकी है और उसने किसान आंदोलन में भी हिस्सा लिया था। नीलम को जब सुरक्षा गार्ड्स ने पकड़ा तो वह बेरोजगारी की बात कर रही थी।

अमोल शिंदे : परीक्षा में फेल होने से था परेशान

इन चार लोगों में से एक 25 वर्षीय अमोल धनराज शिंदे भी था। वह महाराष्ट्र के लातूर जिले की चाकुर तहसील के जरी गांव (नवकुंड) का रहने वाला है। अमोल के माता-पिता के मुताबिक वह सेना भर्ती की तैयारी के लिए दिल्ली रह रहा है। वह एक खिलाड़ी है और कुछ दिन पहले दिल्ली गया था। उसने परिवार को बताया था कि वह सेना में भर्ती की तैयारी करेगा। उसका परिवार बताता है कि अमोल काफी वक्त से मानसिक तौर पर परेशान था क्योंकि वह कुछ परीक्षाओं में विफल हो गया था।