Parliament Monsoon Session 2023: नई संसद में जल्द ही पहले सत्र का आयोजन किया जाएगा। मानसून सत्र को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। जुलाई के तीसरे सप्ताह से मानसून सत्र को कराए जाने की तैयारी की जा रही है। संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति (CCPA) की जल्द ही बैठ होने वाली है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सत्र की तारीख को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
17 जुलाई से शुरू हो सकता है मानसून सत्र
संसद का मानसून सत्र 17 जुलाई से शुरू हो सकता है। यह 10 अगस्त तक चल सकता है। बता दें कि हर साल मानसून के दौरान जुलाई में संसद सत्र का आयोजन किया जाता है। पिछले साल 18 जुलाई से मानसून सत्र की शुरुआत हुई थी।
नई संसद में क्या होंगे इंतजाम
संसद की नई इमारत का 28 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उद्घाटन किया था। यह पहला मौका होगा नई संसद में सत्र का आयोजन किया जा रहा है। सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत इस भवन का निर्माण किया गया है। संसद के नए भवन में सभी मंत्रियों को ऑफिस दिए जाएंगे। इसके साथ ही सभी राजनीतिक दलों को भी संसद भवन में ऑफिस दिए जाएंगे। नई संसद को भव्य रूप दिया गया है। यहां ना सिर्फ पहले से अधिक सिटिंग क्षमता है। बल्कि सभी जरूरी ऑफिस भी एक ही स्थान पर हैं।
मानसून सत्र में भी हंगामे के आसार
संसद के मानसून सत्र में सरकार को घेरने की विपक्ष ने तैयारी कर ली है। केजरीवाल सरकार के खिलाफ केंद्र के अध्यादेश को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है। विपक्षी दलों की पटना में हुई बैठक में भी इस मामले को जोर-शोर से उठाया गया था। वहीं समान नागरिक संहिता को लेकर भी हंगामा हो सकता है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में बीजेपी सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि समान नागरिक संहिता का मुद्दा मानसून सत्र में सदन के पटल पर आ सकता है।