कोलकाता से एक पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया गया। कोलकाता पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसके पास से संवेदनशील दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। आरोपी बिहार का रहने वाला है।
कोलकाता पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हावड़ा जिले में उसके घर से शुक्रवार को पकड़ा। अधिकारी ने कहा कि उसे देश की सुरक्षा के लिए घातक गतिविधियों में सीधे तौर पर शामिल पाया गया। आरोपी को कई घंटों की पूछताछ के बाद शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया।
पाकिस्तान भेजी खुफिया जानकारी
अधिकारी ने कहा कि उसके मोबाइल फोन से तस्वीरें, वीडियो और ऑनलाइन चैट जैसी खुफिया जानकारी मिली। यह जानकारी उसने पाकिस्तान के एक संदिग्ध खुफिया एजेंट को भेजी थी। कोलकाता में एक कुरियर सेवा कंपनी में काम करने वाला आरोपी पहले दिल्ली में रहता था। उन्होंने बताया कि आरोपी को आज शहर की एक अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पाकिस्तानी हैंडलर ने हनीट्रैप में फंसाया
कोलकाता पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम भक्तबंशी झा है। उसे पाकिस्तान के एक हैंडलर ने हनीट्रैप में फंसाया था और तब से वह संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तानी एजेंसियों को भेज रहा था। पाकिस्तान की एक महिला के साथ संपर्क में आने के बाद आरोपी ने दिल्ली में सेना की छावनी की भी कई जानकारियां भेजी थीं। उसने ओटीपी के जरिए आरुषि के सिम कार्ड भी मैनेज किए थे।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सर्च ऑपरेशन
वहीं, दूसरी ओर सुरक्षा बलों ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास संदिग्ध गतिविधि का पता लगाने के बाद एक जंगली इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। सेना और पुलिस ने सुबह करीब छह बजे बुफ्लैज सेक्टर के चमरेर और गंगना टॉप में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने कुछ राउंड गोलियां चलाईं, लेकिन दूसरी ओर से कोई जवाबी कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि, इलाके में एक्स्ट्रा फोर्स भेजी गई है। पुंछ में NIA ने शुक्रवार को नार्को-आतंकवाद मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान लियाकत के रूप में हुई है।