पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान डरा हुआ है। वहीं भारत अपनी सैन्य तैयारी को तेज कर रहा है। इस बीच भारतीय वायुसेना ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में अपना दमखम दिखाया। भारतीय वायु सेना ने शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेसवे पर एक्सरसाइज किया। इस एक्सरसाइज के दौरान वायु सेना के राफेल, सुखोई, मिराज, जगुआर और AN 32 जैसे लड़ाकू विमानों ने अपनी ताकत को प्रदर्शित किया।

हरक्यूलिस विमान की भी हुई लैंडिंग

इस अभ्यास की शुरुआत सुपर हरक्यूलिस विमान C – 130 के टच डाउन से हुई। इस दौरान विमान ने आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाये। यह युद्धाभ्यास करीब 2 घंटे तक चला। वहीं इसके बाद नाइट शो भी हुआ। इस दौरान गंगा एक्सप्रेसवे के एयरस्ट्रिप पर रात 9 से 10 के बीच लड़ाकू विमानों की लैंडिंग हुई।

एयर शो का खास हिस्सा ‘नाइट लैंडिंग शो’ रहा। बता दें कि रात 9 बजे से 10 बजे तक हुए इस विशेष कार्यक्रम में वायुसेना ने अंधेरे में भी अपने विमानों की लैंडिंग और उड़ान का प्रदर्शन किया। ये वायुसेना की रात्रिकालीन अभियानों की क्षमता को दर्शाता है। जाहिर है अगर पाक इसे देखेगा तो उसकी नींद उड़ेगी।

‘सिर्फ हथियार नहीं एकता हमारी ताकत…’, बिना नाम लिए पाकिस्तान को PM मोदी का बड़ा संदेश

इस एयर शो में हजारों की संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। गांव के लोगों को भी इसमें शामिल किया गया। इस दौरान पहली बार इतने पास से भारतीय वायुसेना के विमान को उड़ते हुए लोगों ने देखा। शो के दौरान कमेंट्री भी की जा रही थी और भारतीय वायुसेना की ताकत का अंदाजा लगाया जा सकता है।

साढ़े तीन किमी लंबी है एयर स्ट्रिप

गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण यूपी सरकार करा रही है। यह देश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे होगा। इसी एक्सप्रेसवे पर 3.5 किलोमीटर लंबी एयर स्ट्रिप भी है, जहां पर यह अभ्यास किया गया। इस एयर स्ट्रिप को युद्ध के दौरान और आपातकालीन स्थिति में लैंडिंग के लिए डिजाइन किया गया है।