करीब सात माह तक शांति रहने के बाद नियंत्रण रेखा पर रविवार को फिर संघर्षविराम का उल्लंघन हुआ और पाकिस्तानी सेना ने पुंछ सेक्टर में गोलीबारी की व मोर्टार दागे। यह घटनाक्रम दोनों देशों के संबंधों में आए ठंडेपन के बीच हुआ है। रक्षा प्रवक्ता लेफ्टीनेंट कर्नल मनीष मेहता ने यहां बताया, ‘पाकिस्तानी सेना ने जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर अकारण संघर्षविराम का उल्लंघन किया।’ उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने रविवार सुबह साढ़े चार बजे पुंछ सेक्टर के शाहपुर क्षेत्र में मोर्टार दागे व स्वचालित हथियारों से गोलाबारी की। प्रवक्ता ने कहा, ‘हमारे सैनिकों ने समुचित तरीके से जवाब दिया और हमारे सैनिकों में से कोई हताहत नहीं हुआ या क्षति नहीं पहुंची है।’

इससे पहले 18 सितंबर 2015 को पुंछ जिले के बालकोट सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया। एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने बताया, ‘रविवार का संघर्षविराम 2016 की यह पहली ऐसी बड़ी घटना है।’ पिछले साल पाकिस्तान द्वारा सीमा पार संघर्ष की 405 घटनाओं में 16 नागरिक मारे गए थे और 71 अन्य घायल हो गए थे।

दोनों देशों के संबंधों में खटास लाते हुए पाकिस्तान ने इस माह के शुरू में कहा था कि द्विपक्षीय शांति प्रक्रिया ‘टल गई है’। साथ ही उसने यह भी संकेत दिया कि वह पठानकोट वायुसेना अड्डे पर हुए हमले की जांच कर रहे भारतीय जांचकर्ताओं को अपने देश आने की अनुमति नहीं देगा। उधर पंजाब के अमृतसर सेक्टर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर रविवार तड़के सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने गोलीबारी में दो पाक घुसपैठियों को मार गिराया। इनके पास से लगभग नौ किलो हेरोईन बरामद की गई है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 45 करोड रुपए आंकी गई है।

सीमा सुरक्षा बल के पंजाब फ्रंटियर के उप महानिरीक्षक आरएस कटारिया ने यहां बताया कि अमृतसर सेक्टर के भारोपाल सीमा चौकी पर तैनात जवानों ने रविवार तड़के सीमा सुरक्षा घेरा के पास दो पाक तस्करों की संदिग्ध गतिविधि देखी। तस्कर भारतीय क्षेत्र में कुछ पैकेट फेंकने लगे। उन्होंने बताया कि जवानों ने तस्करों को हरकत रोकने के लिए ललकारा। इस पर तस्करों ने गोलीबारी शुरू कर दी। मौके पर तैनात जवानों ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस गोलीबारी में एक तस्कर मौके पर ही मारा गया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक तस्कर भाग कर अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करके पाक की ओर चला गया और गिर पड़ा।

अधिकारी ने बताया कि मौके से जवानों ने नौ पैकेट हेरोईन बरामद किया है। हर पैकेट का वजन एक-एक किलो है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 45 करोड़ रुपए आंकी गई है।