Congress President Election: कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए खड़े हुए शशि थरूर ने मुंबई में मीडिया से बातचीत में कहा कि हमारी पार्टी को मौजूदा समय बदलाव की जरूरत है। थरूर ने आगे कहा कि मैं इस बदलाव को लाने में सक्षम हूं। मैं ये बदलाव कर लाकर कांग्रेस का भरोसा जनता के दिलों में बनाउंगा। थरूर ने आगे कहा कि अब भारतीय जनता पार्टी को विपक्ष में बैठने की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर ने कहा कि कांग्रेस ने देश को अच्छी तरह से चलाया है, हमारे पास (पार्टी में) अनुभवी लोग हैं।
थरूर ने कहा हमें मतदाताओं के दिलों को फिर से जीतने के लिए अपनी ताकत दिखाने की जरूरत है। पार्टी को इसके लिए आकर्षक होने की जरूरत है, आत्मविश्वास की जरूरत है ताकि मतदाता हमें अपना विश्वास दे सकें। आपको बता दें कि शशि थरूर के सामने कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए गांधी परिवार के सबसे विश्वसनीय चेहरा और राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे होंगे। इन दोनों ही नेताओं के बीच कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए ये चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प होगा।
महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
शशि थरूर इन दिनों कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव की तैयारी करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से अपने समर्थन में वोट मांग रहे हैं साथ ही कांग्रेस पार्टी को कैसे आगे बढ़ाएंगे इसको लेकर अपना विजन भी रख रहे हैं। शशि थरूर ने मुंबई में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगे कहा, ‘सरकार से जो असंतुष्ट हैं वो हमारी स्थिति को देखकर चाहते हैं कि विपक्ष मजबूत हो।’ उन्होंने आगे कहा कि मेरे खयाल से मजबूती दिखाने के लिए हम लोगों को तैयार होना चाहिए। कांग्रेस नेता ने देश की मौजूदा बेरोजगारी को मुद्दा बनाते हुए आगे कहा कि बेरोजगारी चरम पर है, तो महंगाई के बारे में आप खुद जानते हैं।
2004 और 2009 के वोटर्स के दिलों में फिर से जगह बनानी होगी
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को साल 2014 में और साल 2019 में दोनों लोकसभा चुनाव में महज 19 फीसदी वोट ही मिले थे। उन्होंने आगे कहा कि 19 प्रतिशत के वोट से हम (कांग्रेस) सरकार में वापस आने वाले नहीं हैं। हमें सत्ता में वापसी के लिए साल 2004 और 2009 की तरह मतदाताओं के दिलों में उतरना होगा। हमें उन वोटर्स के भरोसे को जीतना होगा जिसके दम पर हम पिछली बार लगातार दो बार सत्ता में आए थे।