JDU MLA: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने सहयोगी बीजेपी से नाता तोड़कर राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस के साथ गठबंधन कर नई सरकार का गठन किया है। इस बीच बीजेपी ने नीतीश कुमार को अरुणाचल प्रदेश में बड़ा झटका देते हुए उनकी पार्टी के इकलौते विधायक को अपने पाले में कर लिया है। अरुणाचल प्रदेश में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के एकमात्र विधायक टेची कासो (Techi Kaso) ने बुधवार (24 अगस्त 2022) को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है।
विधानसभा के उपाध्यक्ष तेसम पोंगटे ने ईटानगर से विधायक कासो के भाजपा में शामिल होने को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही 60 सदस्यों वाली विधानसभा में बीजेपी के 49 विधायक हो गए हैं। गौरतलब है कि जेडीयू ने 2019 के अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में 15 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें सात सीटों पर पार्टी को जीत मिली थी। इस जीत के साथ ही वह भाजपा के बाद प्रदेश में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। बीजेपी ने सर्वाधिक 41 सीटें जीती थीं।
हालांकि, 25 दिसंबर, 2020 को जेडीयू के 6 विधायकों ने पाला बदलते हुए भाजपा का दामन थाम लिया था। जिसके बाद टेची कासो अरुणाचल प्रदेश में जेडीयू के अकेले बचे विधायक दल के नेता थे।
बिहार में महागठबंधन सरकार को विश्वास मत: वहीं, दूसरी ओर बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार ने बुधवार (24 अगस्त) को बिहार विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया। बिहार विधानसभा में फ्लोर टेस्ट के दौरान 160 विधायकों ने महागठबंधन के पक्ष में मतदान किया। वहीं, इस दौरान विपक्षी भाजपा विधायकों ने हंगामे के बाद सदन से वॉक आउट किया। गौरतलब है कि, नीतीश कुमार ने जुलाई 2022 में भारतीय जनता पार्टी से नाता तोड़कर 8वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
विजय कुमार सिन्हा का इस्तीफा: वहीं, बिहार में 10 अगस्त को सरकार बदलने के बाद विजय कुमार सिन्हा पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने का दबाव बनाया जा रहा था। सिन्हा के खिलाफ विपक्षी दलों के 50 से ज्यादा विधायकों ने अविश्वास नोटिस दिया था। हालांकि, बुधवार को विजय कुमार सिन्हा ने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि मुझे समय नहीं दिया गया नहीं तो मैं नई सरकार बनने के बाद खुद ही स्पीकर पद का त्याग कर देता। इसके पहले उन्होंने कहा था कि वह अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगे और 24 अगस्त को बुलाई गई विधानसभा के विशेष सत्र की कार्यवाही की जांच करेंगे।