AICC चेयरमैन मल्लिकार्जुन खड़गे ओडिशा के दौरे पर हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को यहां ‘ओडिशा बचाओ समावेश’ को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार आपके पास मतदान करने का आखिरी मौका है। 2024 के बाद देश में कोई चुनाव नहीं होगा। खड़गे ने कहा कि इसके बाद यहां रूसी राष्ट्रपति की तरह चुनाव होगा।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “नरेंद्र मोदी से दोस्ती से नवीन पटनायक को क्या मिला? डबल इंजन कई बार फेल हो जाता है। जब डबल इंजन ठीक से काम नहीं करता तो पहला इंजन भी विफल रहता है।” उन्होंने कहा, “राहुल गांधी देश को एकजुट करना चाहते हैं। उन्होंने ‘मोहब्बत की दुकान’ खोली है लेकिन बीजेपी और आरएसएस ने नफरत की दुकान खोल दी है। इस वजह से आपको अलर्ट रहने की जरूरत है।
मोदी सत्ता में आए तो तानाशाही होगी- कांग्रेस अध्यक्ष
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी और आरएसएस जहर हैं, वे हमें हमारे अधिकारों से वंचित कर रहे हैं। खड़गे ने भुवनेश्वर में एक सार्वजनिक सभा में कहा कि अगर लोकसभा चुनाव के बाद मोदी सत्ता में आए तो तानाशाही होगी, कोई लोकतंत्र नहीं होगा और कोई चुनाव नहीं होगा। नीतीश कुमार के एनडीए में शामिल होने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ने कहा कि एक व्यक्ति के छोड़ने से महागठबंधन कमजोर नहीं होगा, हम भाजपा को हराएंगे।
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख शरत पटनायक ने कहा कि ओडिशा के पहले दौरे पर आ रहे कांग्रेस अध्यक्ष की रैली में गांवों, ब्लॉक और बूथ स्तर के लोग शामिल होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने के बाद खड़गे की यह पहली ओडिशा यात्रा होगी। अपनी ओडिशा यात्रा के दौरान, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के ओडिशा चरण की भी समीक्षा करेंगे, जिसके 14 फरवरी को राज्य में प्रवेश करने की संभावना है। खड़गे इंडिया ब्लॉक के अन्य दलों के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।
ध्यान भटकाने के लिए रचा गया नाटक- मल्लिकार्जुन खड़गे
इससे पहले रविवार को नीतीश कुमार के INDIA गठबंधन छोड़कर NDA में शामिल होने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री और भाजपा ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ से डरे हुए हैं, इससे ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक नाटक रचा गया। नीतीश कुमार के इस्तीफे पर कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और लालू प्रसाद यादव ने इस बारे में संकेत दिया था और आज यह सच हो गया। उन्होंने कहा कि ऐसे देश में बहुत सारे लोग हैं, जो आया राम गया राम हैं। ये बात हमें पहले से ही पता थी लेकिन इंडिया अलायंस को बरकरार रखने के लिए अगर हम कुछ गलत कहेंगे तो गलत संदेश जाएगा।”