दिल्ली में चल रहे ऑड ईवन के चलते बुधवार को भाजपा सांसद रामप्रसाद शर्मा घोड़े से संसद पहुंचे। उन्होंने ऑड ईवन योजना के विरोध स्वरूप यह कदम उठाया। घोड़े पर एक पोस्टर भी लगाया हुआ था। इस पर लिखा हुआ था,’ प्रदूषण रहित वाहन।’ वहीं दिल्ली से सांसद विजय गोयल अपनी गाड़ी पर योजना के विरोध में काफी सारे पोस्टर चस्पा कर लाए। बुधवार को ऑड डे था और उनकी गाड़ी भी ऑड ही थी। लेकिन उन्होंने गाड़ी के पीछे और साइड में विरोध स्वरूप पोस्टर लगा रखे थे। इन पर ऑड ईवन योजना की आलोचना की बातें लिखी हुई थी।
Delhi: BJP MP Ram Prasad Sharma comes to Parliament on a horse in protest against #OddEven pic.twitter.com/xhtREkssk2
— ANI (@ANI_news) April 27, 2016
दिल्ली सरकार ने बुधवार को सांसदों के लिए उपलब्ध कराई गई ‘एमपी स्पेशल’ बसों को हटा लिया। ये बसें सोमवार से सांसदों के संसद पहुंचने के लिए उपलब्ध कराई गई थी। लेकिन गिनती के सांसदों की इन बसों का उपयोग किया। पहले दिन छह बसें उपलब्ध कराई गई थी। मंगलवार को इनमें से चार को हटा लिया गया और बुधवार को बाकी बची दो बसों को भी वापस ले लिया गया। सांसद ऑड ईवन से छूट की मांग कर रहे थे। लेकिन दिल्ली सरकार ने इससे इनकार कर दिया।
Seen in Parliament: BJP MP Vijay Goel’s car #Oddeven pic.twitter.com/RG69VqpY0L
— ANI (@ANI_news) April 27, 2016
बता दें कि सोमवार को बजट सत्र के दूसरे हिस्से के पहले दिन कई सांसद नियम तोड़ते नजर आए थे। वे ऑड के बजाय ईवन नंबर की गाडि़यों से संसद पहुंचे थे। इनमें से कईयों के चालान भी कटे थे, जिनमें भाजपा सांसद परेश रावल भी शामिल थे। बाद में संसद में असदुद्दीन ओवैसी और केसी त्यागी समेत कई सांसदों ने छूट की मांग की थी।