Rahul Gandhi Congress: गुजरात में पिछले 30 सालों से सत्ता से बाहर कांग्रेस को फिर से पैरों पर खड़ा करने की पूरी कोशिश लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी कर रहे हैं। हाल ही में कांग्रेस ने सीनियर नेता अमित चावड़ा को एक बार फिर से प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया है। तुषार चौधरी को विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता की जिम्मेदारी सौंपी है। अमित चावड़ा OBC जबकि तुषार चौधरी ST समुदाय से आते हैं। 

अमित चावड़ा और तुषार चौधरी के कंधों पर गुजरात में बेहद खराब दौर में जा चुकी कांग्रेस को बीजेपी के मुकाबले में खड़ा करने की चुनौती तो है ही, आम आदमी पार्टी से भी उसे मुकाबला करना है। आम आदमी पार्टी ने हालिया उपचुनाव में विसावदर सीट पर जीत हासिल की थी। 

अमित चावड़ा 2018 से 2021 तक गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में काम कर चुके हैं इसलिए उन्हें गुजरात में कांग्रेस संगठन में काम करने का अच्छा अनुभव है। याद दिलाना होगा कि पिछले महीने गुजरात में दो विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में कांग्रेस की हार के बाद शक्ति सिंह गोहिल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। 

गुजरात में कांग्रेस को ‘जिंदा’ करने की राहुल गांधी की कोशिशें धरी की धरी रह जाएंगी?

राजनीतिक परिवार से आते हैं दोनों नेता

अमित चावड़ा पांच बार विधायक रहे हैं। वह एक राजनीतिक परिवार से आते हैं, उनके दादा ईश्वर भाई चावड़ा भी सांसद थे। गुजरात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री भरत सिंह सोलंकी उनके चचेरे भाई हैं। जबकि तुषार चौधरी पूर्व मुख्यमंत्री अमरसिंह चौधरी के बेटे हैं। चौधरी दो बार सांसद भी रह चुके हैं। इस तरह कांग्रेस ने राजनीतिक परिवारों से आने वाले इन दोनों नेताओं पर भरोसा जताया है। 

कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौती इस बात की है कि क्या वह कभी उस स्थिति में आ पाएगी जहां वह कुछ साल पहले थी। याद दिलाना जरूरी होगा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में 77 सीटें जीतने वाली कांग्रेस 2022 में सिर्फ 17 सीटों पर सिमट गई थी। हालिया दोनों उपचुनाव में मिली हार के बाद पार्टी की मुश्किलें और ज्यादा बढ़ गई हैं। 

कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने पूरे देश में जिला कांग्रेस कमेटियों के नए सिरे से गठन की शुरुआत के साथ ही गुजरात में भी 40 जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की नियुक्ति की थी। लेकिन हालिया उपचुनाव में दोनों सीटों पर कांग्रेस का वोट शेयर गिरा है। 

विसावदर सीट पर कांग्रेस का वोट शेयर लगभग 8% जबकि कडी सीट पर उसके वोट शेयर में 4% की गिरावट आई है और इन नतीजों ने पार्टी में कई नेताओं को बेचैन कर दिया है। 

‘साहेब ने ED भेज दी है…’, कांग्रेस नेता भूपेश बघेल बोले

मोदी-शाह के गढ़ में कड़ी है चुनौती

गुजरात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का गृह राज्य है। बीजेपी यहां बहुत मजबूत है। इसके अलावा कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौती आम आदमी पार्टी की बढ़ती सक्रियता से मुकाबला करने की भी है। अरविंद केजरीवाल लगातार गुजरात के दौरे पर जा रहे हैं। राज्य में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं और देखना होगा कि क्या कांग्रेस को ओबीसी-एसटी नेताओं को कमान सौंपने का फायदा मिलेगा?

कांग्रेस से दूर होते नई पीढ़ी के नेता, संगठन और नेतृत्व क्षमता को बता रहे जिम्मेदार