BJP Nishikant Dubey: झारखंड की गोड्डा लोकसभा सीट से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। दुबे का बयान एक बार फिर से चर्चा का विषय बना हुआ है। ANI पॉडकास्ट में बात करते हुए निशिकांत दुबे ने एक सवाल के जवाब में कहा कि अगले 15-20 सालों तक मुझे सिर्फ पीएम मोदी ही नजर आते हैं। और ऐसा सिर्फ इसलिए नहीं है कि वह प्रधानमंत्री हैं।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि मैं 2009 में चुनाव लड़ा और जीता। इस लिहाज से मैं कह सकता हूं कि मोदी जी के आने से पहले सांसद हूं, लेकिन वास्तविकता वो नहीं है। मैं केवल 6 हजार वोट से जीता। मुझे 1 लाख, 90 हजार वोट मिला, दूसरे को 1 लाख, 84 हजार वोट आया, तीसरे को 1 लाख 72 हजार, चौथे को 80 हजार वोट आया। दुबे ने कहा कि मैं लगभग छह की छह विधानसभा हार गया। कहीं किसी से हारा तो कहीं किसी से। दुबे ने कहा कि यह बहुत बड़ा उदाहरण है कि चुनाव कैसे जीता जाता है।
निशिकांत दुबे ने कहा कि जब मोदी जी आए तो वो वोट बैंक जो भारतीय जनता पार्टी के पास कभी नहीं था। खासकर गरीबों का वोटबैंक, वो भारतीय जनता पार्टी की तरफ शिफ्ट हुआ। इसका मतलब है कि उनकी आस्था मोदी के प्रति है। भले यह किसी को सुनने में बुरा लगे या अच्छा लगे।
दुबे ने कहा कि आज की तारीख में मोदी जी देश के तीसरी बार प्रधानमंत्री चुने गए। उन्होंने कहा कि यह बड़ा अच्छा हो सकता है कि मोदी जी बड़े आराम से चले जाएं। भाजपा सांसद ने कहा कि जिस दिन मोदी जी हमारे नेता नहीं होंगे, तो भारतीय जनता पार्टी 150 सीटें भी नहीं जीतेगी। भारतीय जनता पार्टी की मजबूरी है कि 2029 का चुनाव भी मोदी जी के नेतृत्व में लड़ना पड़ेगा।
‘BJP की मजबूरी हैं पीएम मोदी’, सांसद निशिकांत दुबे बोले- अगर ऐसा न हो तो हम 150 सीट भी न जीत पाते
भाजपा सांसद ने कहा कि आज हमारे जैसे लोगों, कार्यकर्ताओं को भी मोदी जी की जरूरत है। मोदी जी को हमारी जरूरत नहीं है। उनकी तो सारी व्यवस्थाएं पूर्व प्रधानमंत्री के नाते चलती रहेंगी। दुबे ने कहा कि मोदी जी इसलिए सत्ता में नहीं आए हैं, अगर 2047 का विकसित भारत बनाना है तो जब तक मोदी जी का शरीर साथ देता है, तब तक उनको हमारा नेता होना चाहिए। दुबे ने कहा कि मोरारजी देसाई 82 साल की उम्र में प्रधानमंत्री थे।
यूपी का जिक्र करते हुए निशिकांत दुबे ने कहा कि जब हम 2017 का चुनाव लड़े तो उस वक्त यूपी में कोई फेस नहीं था और पार्टी को मोदी जी के नाम पर वोट मिलता है और आज भी हम जीतकर आते हैं, तो उन्हीं के नाम पर वोट मिलता है। वहीं, आरएसएस चीफ मोहन भागवत ने हाल ही में 75 साल की उम्र को लेकर बड़ा बयान दिया था। पढ़ें…पूरी खबर।
