NEET Paper Leak: पेपर बॉक्स तोड़ने के लिए बुलात जाते हैं संजीव मुखिया गैंग के एक्सपर्ट, रवि अत्री से पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा नीट पेपर लीक विवाद में बिहार पुलिस मुख्य आरोपी संजीव मुखिया की तलाश कर रही है। EOU से पेपर लीक जांच की रिपोर्ट और सबूत हासिल करने के बाद अब CBI भी संजीव मुखिया को दबोचने के लिए अपनी टीम लगा सकती है। वहीं यूपी पुलिस की सुपाही भर्ती पेपर लीक मामले में पकड़ा गया रवि अत्री भी संजीव मुखिया से जुड़ा हुआ है। संजीव मुखिया अगर गिरफ्तार होता है तो नीट के अलावा यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती, रिवेन्यू ऑफिसर भर्ती (RO/ARO) पेपर लीक, बिहार शिक्षक भर्ती (BPSC TRE 3.O) समेत कई परीक्षाओं के पेपर लीक की गुत्थी सुलझ सकती है।

यूपी पुलिस की सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले में UP STF) ने रवि अत्री समेत 18 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। ग्रेटर नोएडा का रहने वाला रवि अत्री ‘पेपर लीक’ का माहिर खिलाड़ी बताया जा रहा है। रवि अत्री और राजीव नयन मिश्रा ने ही मिलकर उत्तर प्रदेश पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा का पेपर लीक किया था।

आरोपियों ने पूछताछ में लिया संजीव मुखिया का नाम

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक UPSTF ने 10 अप्रैल को रवि अत्री को मेरठ से गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उत्तर प्रदेश कॉन्स्टेबल पेपर लीक की जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों ने संजीव मुखिया का नाम लिया था। उत्तर प्रदेश कॉन्स्टेबल भर्ती पेपर लीक और NEET पेपर लीक करवाने वाले गैंग आपस में एक दूसरे से जुड़े हुए हैं।

रवि अत्री की पूछताछ में कई बड़े खुलासे हुए हैं। रवि अत्री ने बताया कि संजीव मुखिया का नेटवर्क यूपी, बिहार, गुजरात, दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में फैला हुआ है। संजीव मुखिया ब्लूटूथ के जरिए देश में होने वाले अलग-अलग एग्जाम में सॉल्वर बैठाता था और वह ब्लूटूथ खरीदने ही दिल्ली भी आता था। रवि अत्री ने बताया है कि संजीव मुखिया और उसका बेटा पेपर लीक का मुख्य सरगना है।

साथ पढ़ाई कर चुके हैं रवि अत्री और शिव कुमार

पूपी पुलिस की पेपर लीक का मुख्य आरोपी रवि अत्री बिहार के संजीव मुखिया और अतुल वत्स के साथ जुड़ा हुआ है। रवि अत्री और संजीव मुखिया का बेटा डॉक्टर शिव कुमार एक साथ पढ़ाई कर चुके हैं। संजीव मुखिया का बेटा बीपीएससी टीचर परीक्षा का पेपर लीक करने के मामले में पहले से जेल में है।

संजीव मुखिया गैंग है पेपर लीक के लिए कुख्यात

सूत्र बताते हैं कि रवि अत्री ने पूछताछ में बताया कि जब वह 12वीं पास कर मेडिकल की तैयारी के लिए कोटा गया था, तभी पेपर लीक कराने वाले माफियाओं से संपर्क हुआ था। रवि पहले भी पीएमटी पेपर लीक में जेल जा चुका है। यूपी कॉन्स्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड रवि अत्री की इंटेरोगेशन रिपोर्ट बताती है कि संजीव मुखिया का गैंग ही सील बंद पेपर का बॉक्स तोड़ने में एक्सपर्ट है और देश में कहीं भी पेपर लीक करवाना हो, सील बॉक्स तोड़ने के लिए संजीव मुखिया गैंग के बॉक्स तोड़ने वाले एक्सपर्ट्स की ही मदद ली जा सकती है।

संजीव मुखिया के गैंग के सदस्य डॉक्टर शुभम मंडल ने यूपी पेपर लीक के लिए फ्लाइट लेकर पटना से अहमदाबाद का सफर किया था और वहीं जाकर पेपर का बॉक्स तोड़ा था।