पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष बरिंदर ढिल्लन ने एक टीवी चैनल पर बहस के दौरान मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि PM मोदी ने कृषि क्षेत्र को आग लगा दी है। उनका यह जवाब सोमवार को इंडिया गेट के पास ट्रैक्टर जलाए जाने को लेकर किए गए सवाल पर था।
दरअसल, शो के दौरान एंकर ने सवाल किया कि आप किसानों की पहचान को कैसे फूंक सकते हैं। एंकर ने कहा कि यह तस्वीर भयानक है। आप ऐसा कैसे कर सकते हैं। एंकर ने कहा कि अगर यह सस्ती लोकप्रियता के लिए नहीं किया गया तो आपने ऐसा क्यों किया, आपने वहां ट्रैक्टर क्यों जलाया।
इस पर बरिंदर ढिल्लन ने कहा कि आप ऐसा नहीं कह सकते आप हमें प्रदर्शन का तरीका नहीं बता सकते, यह केवल एक ट्रैक्टर का विषय नहीं है यह पूरे कृषि बिल का सवाल है। पीएम मोदी ने तो देश के कृषि क्षेत्र में ही आग लगा दी है।
बता दें कि कृषि संबंधी कानूनों के विरोध में इंडिया गेट पर एक ट्रैक्टर को आग लगाने के मामले में पंजाब यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की मुश्किल बढ़ गई है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष बरिंदर ढिल्लो को हिरासत में ले लिया है।
उधर इस घटना को लेकर भाजपा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उसने प्रचार पाने और किसानों को गुमराह करने के लिए जो नाटक किया उससे देश शर्मिंदा हुआ है।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि जिस तरह से प्रदर्शन हुआ, ट्रैक्टर को ट्रक के जरिए पहले यहां लाया गया और फिर उसे आग लगाई गई, यह निंदनीय है।
