हरियाणा में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई और नायब सिंह सैनी को नेता चुना गया है। नायब सिंह सैनी हरियाणा के अगले मुख्यमंत्री होंगे। बीजेपी के पास हरियाणा में 41 विधायक हैं। बहुमत के लिए 46 विधायकों को समर्थन चाहिए। 6 निर्दलीय विधायक हैं और उन्होंने भी बीजेपी को सरकार बनाने के लिए समर्थन दिया है। ऐसे में बीजेपी के पास आंकड़ा 47 हो जाता है। मनोहर लाल खट्टर ने खुद नायब सैनी के नाम का प्रस्ताव विधायक दल की बैठक में रखा।

हरियाणा बीजेपी विधायक कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि नायब सिंह सैनी हरियाणा के अगले सीएम होंगे। उन्होंने कहा कि सभी लोग अब राज्यपाल से मिलने जा रहे हैं। बता दें कि शाम पांच बजे शपथग्रहण होगा। नायब सैनी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

नायब सिंह सैनी हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हैं और कुरुक्षेत्र से सांसद भी हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें 6 महीने के अंदर विधानसभा चुनाव जीतना होगा। हालांकि 6 महीने के अंदर ही हरियाणा में विधानसभा चुनाव होंगे। ऐसे में कयास लगाये जा रहे हैं कि वह आने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान ही चुनाव लडेंगे और उपचुनाव नहीं होंगे।

हरियाणा में जब 2014 में बीजेपी ने पहली बार सरकार बनाई तब मनोहर लाल खट्टर को सीएम चुना गया था। मनोहर लाल खट्टर गैर जाट मुख्यमंत्री बने थे। वह भजनलाल के बाद गैर जाट मुख्यमंत्री बनने वाले दूसरे नेता थे। इसका फायदा भी बीजेपी को हुआ और लोकसभा चुनाव में गैर जाट वोट एकजुट हुआ और बीजेपी को जीत मिली।

नायब सिंह सैनी ओबीसी समुदाय से आते हैं और पिछले साल उन्हें बीजेपी हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। नायब सिंह सैनी को मनोहर लाल खट्टर का विश्वासपात्र माना जाता है। सैनी को संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है।

मनोहर लाल खट्टर पिछले साढ़े 9 साल से हरियाणा के मुख्यमंत्री थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को द्वारका एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। इस दौरान उन्होंने मनोहर लाल खट्टर की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि जब मैं हरियाणा में काम करता था तब खट्टर स्कूटर चलाते थे और मैं पीछे बैठता था।