नेशनल हेराल्ड मामले में आज (13 जून 2022) राहुल गांधी की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेशी हुई। ईडी ने राहुल गांधी से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। राहुल गांधी ईडी ऑफिस जाने के पहले कांग्रेस पार्टी के कार्यालय पहुंचे और फिर उसके बाद ईडी ऑफिस पहुंचे। वहीं कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने आज दिल्ली में जमकर विरोध प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाएं। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर तंज कसा है।

संबित पात्रा ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, “कांग्रेस आज जो कर रही है वह ‘जश्न-ए-भ्रष्टाचार’ है। भ्रष्टाचार का जश्न मना रही है। कांग्रेस ने फिर से राहुल गांधी मॉड्यूल को भ्रष्टाचार के पैड से लॉन्च करने की कोशिश की है, हम आश्वासन देते हैं कि उनका वही हश्र होगा और वह फिर से असफल होंगे। राहुल गांधी ईडी के सामने बताएं कि कैसे उन्होंने 5 हजार करोड़ रुपये का गबन किया है।”

संबित पात्रा ने आगे कहा, “दुनिया देख रही है कि कैसे भ्रष्टाचार भी ‘सत्याग्रह’ हो सकता है। महात्मा गांधी ने दुनिया को सच्चाई के लिए लड़ना सिखाया जबकि कांग्रेस ने दुनिया को भ्रष्टाचार का जश्न मनाने और उसके लिए लड़ने की शिक्षा दी। महात्मा गांधी की आत्मा को ठेस पहुँच रहा होगा। गांधी परिवार जमानत पर बाहर हैं। यह राजनीतिक मामला नहीं है। अगर कुछ छुपाना नहीं है तो डर क्यों रहे हैं।”

केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, “कांग्रेस नेताओं द्वारा सिर्फ एक परिवार और उसकी 2000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति को बचाने के लिए विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। क्या आपको लगता है कि उनके लिए अलग कानून होना चाहिए? जांच एजेंसियों के पास भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना करने वालों के बयान दर्ज करने के कुछ अधिकार हैं।”

वहीं कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, “गोड़से के वंसज एक बार फिर से गांधी को डराने चले हैं। न महात्मा गांधी डरे थे और न ही महात्मा गांधी के उत्तराधिकारी गोड़से के वंसजों से डरेंगे। अगर किसी अखबार के कर्मचारियों को सैलरी देना अपराध है, तो हम ये अपराध बार-बार करेंगे। अंग्रेज भी हारे थे और मोदी भी हारेंगे।”