महेंद्रगढ़/रोहतक/सोनीपत/जगधारी। हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत देने की अपील करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को प्रदेश के मतदाताओं से कहा कि आसन्न विधानसभा चुनाव राज्य की किस्मत बदलने का मौका है। उन्हें जाति, धर्म, संप्रदाय और पंथ से उपर उठकर पहल करनी चाहिए।

राज्य में 15 अक्तूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के क्रम में कई रैलियों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि वे ‘स्कैम हरियाणा’ को ‘स्किल हरियाणा’ में बदलना चाहते हैं। इस क्रम में उन्होंने कांग्रेस और इनेलो दोनों को निशाना बनाया।

राष्ट्र ध्वज में अशोक चक्र के नीले रंग के साथ तीन अन्य रंगों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने देश को आगे बढ़ाने के लिए ऊर्जा (केसरिया), कृषि (हरित) मत्स्य क्षेत्र (नीला) व दुग्ध उत्पादन (श्वेत) के क्षेत्र में ‘चार रंग’ की क्रांति का आह्वान किया। मोदी ने कहा कि वे केंद्र और राज्यों के बीच अच्छे संबंधों के पक्षधर हैं और उनके अनुसार अभी तक ऐसा नहीं देखने को मिला है।

हरियाणा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा-यह चुनाव इस बारे में नहीं है कि कौन जीतेगा या किस पार्टी की सरकार बनेगी। यह हरियाणा की किस्मत पर फैसला करने का चुनाव है। मैं मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि आप जाति, धर्म, संप्रदाय और पंथ से ऊपर उठकर राज्य में पूर्ण बहुमत वाली भाजपा सरकार को चुनें।

मोदी ने कहा-मुझे मालूम है कि आप इस बात से दुखी हैं कि हरियाणा को घोटालों के राज्य के रूप में जाना जा रहा है। यहां घोटाले हैं और घोटालों के भीतर भी घोटाले हैं। हमारे विरोधी इन घोटालों में शामिल हैं। क्या आप स्कैम हरियाणा चाहते हैं? मैं स्किल हरियाणा बनाना चाहता हूं।

मोदी ने कहा कि पिछले 25 सालों के वंशवाद की राजनीति के कारण हरियाणा का विकास नहीं हो पाया है। सवाल उठाया कि क्या पिछली सरकारें लोकतांत्रिक ढंग से चलीं। उन्होंने कहा-अगर वंशवाद की राजनीति जारी रही तो क्या आपकी किस्मत बदलेगी? अगर हरियाणा को सम्मान के साथ जीना है तो हमें वंशवाद की राजनीति से मुक्ति पानी होगी। पिछले 25 वर्षों में हरियाणा चार-पांच परिवारों के नियंत्रण में रहा और आम लोगों का जीवन कठिन हो गया है।

उन्होंने कहा कि अभी तक हरियाणा जागीर की तरह रहा। हुड्डा पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि उनके और उनके परिवार ने राज्य में पिछले दस सालों से शासन किया है। लेकिन कानून व व्यवस्था की स्थिति ऐसी है कि महिलाएं सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं और दलित महिलाओं की स्थिति और भी खराब है। राज्य की वर्तमान सरकार को पूर्व की यूपीए सरकार का समर्थन प्राप्त था। लेकिन इन्होंने किसानों की उपजाऊ जमीन अपने नेताओं को खुश करने के लिए ले ली।

केंद्र-राज्य संबंधों और टीम इंडिया के महत्त्व को रेखांकित करते हुए मोदी ने कहा कि ऐसी स्थिति में प्रधानमंत्री एक टीम के रूप में मुख्यमंत्री के साथ खड़ा होता है। उन्होंने कहा कि अब तक केंद्र और राज्य अगल-बगल तो खड़े होते थे लेकिन करीब नहीं होते थे। वे चाहते हैं कि दोनों एक साथ खड़े हों और एक ताकत के रूप में काम करें।

वहीं जगधारी की सभा में मोदी ने मतदाताओं से हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा को बहुमत प्रदान करने की अपील की जिससे कि विकास के लिए केंद्र व राज्य दोनों में एक ही पार्टी का शासन हो सके। उन्होंने कहा-मैं टीम इंडिया की अवधारणा पर काम कर रहा हूं जहां केंद्र और राज्य देश को आगे विकास के मार्ग पर ले जाएं। हम राज्यों के दुश्मन नहीं हैं बल्कि हम इन्हें मजबूत बनाना चाहते हैं ताकि पूरा देश मजबूत हो सके।

भाजपा के नेतृत्व में संचालित राज्य सरकारों को छोड़कर अन्य सरकारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ ही हैं जो साथ-साथ चल रहे हैं। अगर हरियाणा में निर्वाचित सरकार उन्हें यहां आने की अनुमति नहीं देगी तो हरियाणा में विकास कैसे होगा।