PM Narendra Modi in Raebareli, Allahabad News Updates: तीन राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद भाजपा ने 2019 लोकसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री रविवार (16 दिसंबर)  को उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। वे प्रयागराज पहुंचे और यहां गंगा किनारे संगम पर पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे कुंभ मेला के लिए एक अत्याधुनिक कमांड और कंट्रोल सेंटर का उद्घाटन किया। स्वच्छ कुंभ प्रदर्शनी का दौरा भी किया। इसके बाद अक्षयवट के दर्शन किए। इसके बाद सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह तप, तपस्या और संस्कार की धरती है।

इससे पहले प्रधानमंत्री वरिष्ठ कांग्रेस नेता और रायबरेली की सांसद सोनिया गांधी के क्षेत्र रायबरेली पहुंचे। यहां उन्होंने मॉडर्न कोच फैक्ट्री का निरीक्षण किया। साथ ही वे करीब 11,00 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। यही नहीं मोदी मॉडर्न रेल कोच कारखाने और 558 करोड़ रुपये की लागत से बने रायबरेली-बांदा हाइवे का भी लोकार्पण किया। 133 किलोमीटर लंबा रायबरेली मार्ग बुंदेलखंड, चित्रकूट, लखनऊ और उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है।

परियोजनाओं के लोकार्पण के बाद पीएम मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “आप लोगों का प्यार और उत्साह मेरे सर आंखों पर है। आज भाजपा की सरकार राज्य के विकास के लिए काम कर रही है। पीएम ने कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए कहा कि पिछली सरकार में रायबरेली स्थित कारखाने में काम लगभग ठप्प हो गया था। फैक्ट्री में अब पूर्ण क्षमता के साथ काम हो रहा है। रायबरेली रेल कोच निर्माण के मामले में ग्लोबल हब बनेगा।” साथ ही उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस उन ताकतों के साथ खड़ी है जो हमारी सेनाओं को मजबूत नहीं होने देना चाहती है।

Live Blog

Highlights

    16:49 (IST)16 Dec 2018
    अर्धकुंभ में दिखेगी बदलते भारत की तस्वीर: मोदी

    मोदी ने कहा, "भारत किस प्रकार बदल रहा है, नया भारत कैसे पौराणिकता और आधुनिकता को समेट रहा है, उसकी झलक अर्धकुंभ में मिलने वाली है। मेरा आप सभी प्रयागवासियों से आग्रह है कि हम आधुनिकता से अध्यात्म को, विकास से विश्वास को और सहूलियत से श्रद्धा को जोड़कर कुंभ को सफलतम आयोजन बनाएं।"

    16:47 (IST)16 Dec 2018
    संस्थानों को बर्बाद करने के बाद लोकतंत्र की दुहाई देती है कांग्रेस: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस के लोग लोग हर संस्था को बर्बाद करने का प्रयास करने के बाद अब लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं। लेकिन इनका बार-बार ये साबित कर रही हैं कि ये खुद को, देश, लोकतंत्र, न्याय-पालिका और यहां तक कि लोगों के भी ऊपर समझते हैं। अभी दो दिन पहले भी हम इसका एक और उदाहरण देख चुके हैं।"

    16:45 (IST)16 Dec 2018
    कांग्रेस अपने सामने झुकने नहीं वालों को तोड़ने का प्रयास करती है: मोदी

    पीएम ने आगे कहा, "कांग्रेस के नेताओं की यह प्रवृत्ति रही है। इस प्रवृत्ति में देश की संवैधानिक संस्थाओँ को पार्टी के आगे हाथ बांधे खड़ा रहने पर मजबूर किया जाता है। जो झुकता नहीं उसे तोड़ने की कोशिश की जाती है। ये उनकी राजशाही सोच है जो उन्हें निष्पक्ष संस्थाओं को बर्बाद करने को उकसाती रहती है। हाल में ही हमने देखा कि कैसे उन्होंने न्याय-पालिका के सर्वोच्च न्यायमूर्ति के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की कोशिश की। जजो को ड़राने धमकाने की ये कोशिश उनकी पुरानी सोच का हिस्सा रही है।"

    16:43 (IST)16 Dec 2018
    देश की हर संस्था को कांग्रेस ने बर्बाद किया: मोदी

    पीएम मोदी ने विपक्षी पार्टी पर हमला करते हुए कहा, "देश पर सबसे ज्यादा समय तक शासन करने वाली पार्टी ने हमेशा ही खुद को हर कानून, न्याय-पालिका, संस्था और यहां तक कि देश से भी ऊपर माना है। देश की हर उस संस्था को इस पार्टी ने बर्बाद कर दिया जो उसकी मर्जी से नहीं चली, उसके इशारों पर काम करने, झुकने को तैयार नहीं हुई। इसी मनमानी की वजह से हमारे देश की न्याय प्रणाली को भी कमजोर करने का प्रयास किया गया। इसका सिर्फ एक कारण था कि न्याय-पालिका उन संस्थाओं में से एक रही है जो इस पार्टी के भ्रष्ट और निरंकुश तरीकों के खिलाफ खड़ी रहती है। इस बात को प्रयागराज और यूपी के लोगों से बेहतर कौन जान सकता है कि कांग्रेस को न्याय-पालिका क्यों पसंद नहीं है? यूपी के लोग वो दिन याद करें जब इस पार्टी की सर्वोच्च नेता द्वारा यहां जनमत को अपमानित करने काम किया गया था? क्या ये लोकतंत्र का अपमान नहीं था?"

    16:41 (IST)16 Dec 2018
    करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है कुंभ: मोदी

    प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, "कुंभ में आने वाले करोड़ों लोगों के साथ ही करोड़ों विचारों का प्रवाह भी भारत को समृद्ध और सशक्त बनाता रहा है। कुंभ का पर्व भारत और भारतीयता का सबसे बड़ा प्रमाण है। ये पर्व भाषा, भूषा और भिन्नता को खत्म कर एक होने की प्रेरणा देता है। ये पर्व हमें जोड़ता है, ये पर्व गांव और शहर को एक करता है, एक भारत-श्रेष्ठ भारत की सही तस्वीर यहां दिखती है। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी है कि यहां आने वाले हर अतिथि का ध्यान रखें। ये आयोजन सिर्फ श्रद्धा नहीं देश की प्रतिष्ठा का भी सवाल है। मैं पवित्र प्रयागराज में आपसे से एक और अहम विषय पर बात करना चाहता हूं। प्रयागराज वो जगह हैं जिसे उत्तर प्रदेश में न्याय का मंदिर भी कहा जा सकता है। कुछ समय से जिस तरह एक बार फिर न्यायपालिका पर दबाव का खेल शुरू हुआ है, उस स्थिति में देश को को सतर्क किया जाना आवश्यक है।"

    16:30 (IST)16 Dec 2018
    मां गंगा की स्वच्छता के लिए हो रहे प्रयास: नरेंद्र मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, "त्रिवेणी की शक्ति का एक बड़ा स्रोत हैं मां गंगा। मां गंगा स्वच्छ हों, निर्मल हों, अविरल हों, इसके लिए सरकार तेज़ गति से काम कर रही है। आज जो प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण हुआ है उसमें गंगाजी की सफाई और यहां के घाटों के सुंदरीकरण से जुड़े अनेक प्रोजेक्ट्स भी शामिल हैं। 1700 करोड़ रुपए की लागत से बने सीवेज-ट्रीटमेंट प्लांट्स से शहर के करीब एक दर्जन नालों को सीधे गंगा जी में बहने से रोका जा सकेगा। वहीं नमामि-गंगे परियोजना में करीब डेढ़ सौ घाटों का सौंदर्यीकरण किया जाना है। इसमें से करीब 50 घाटों का काम पूरा हो गया है। केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर ये सुनिश्चित करने में जुटी है कि ये आयोजन दर्शनीय, दार्शनिक और दिव्य बने। सरकार का पूरा प्रयास है कि यहां भारत के गौरवशाली अतीत के दर्शन और वैभवशाली भविष्य की झलक दुनिया को दिखने को मिले।"

    16:28 (IST)16 Dec 2018
    तकनीक का अनुभव पूरी दुनिया के लोगों को मिले: नरेंद्र मोदी

    मोदी बोले, "इस कार्यक्रम के बाद मैं यहां से आपके प्रयागराज एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन करने भी जा रहा हूं। इस नए टर्मिनल को रिकॉर्ड एक साल के भीतर बनाया गया है। इस टर्मिनल से यात्रियों की सुविधा तो बढ़ेगी ही, देश के कई शहरों से प्रयागराज की कनेक्टिविटी भी बढ़ जाएगी। सरकार का प्रयास है कि इस बार अर्धकुंभ में तप से तकनीक तक के हर पहलू का अनुभव दुनियाभर के लोगों को मिल सके। अध्यात्म, आस्था और आधुनिकता की त्रिवेणी कितनी भव्य और बेजोड़ हो सकती है, इसका अनुभव लेकर लोग यहां से जाएं, इसकी कोशिश की जा रही है।"

    16:26 (IST)16 Dec 2018
    कुंभ को लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर पर दिया गया विशेष ध्यान: मोदी

    पीएम ने कहा, "सरकार ने कुंभ के दौरान कनेक्टिवटी से लेकर यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष ध्यान दिया है। हमारा प्रयास प्रयागराज तक आने वाले हर रास्ते को मजूबत करने का, सुधारने का है। चाहे वो रेलमार्ग हो, एयर कनेक्टिविटी हो या फिर सड़कों को सुधारने की बात हो। कुंभ को ध्यान में रखकर रेलवे मंत्रालय इस बार भी अनेक नई ट्रेनें चलाने जा रहा है। अभी शहर के बड़े फ्लाईओवर, रेलवे-ओवरब्रिज और अंडरपास, बिजली व पेयजल की जिन परियोजनाओं का लोकार्पण मैंने किया है उससे यहां का इंफ्रास्ट्रक्चर और क्नेक्टिविटी दोनों ही सुधरेगी।"

    16:23 (IST)16 Dec 2018
    प्रयागराज तप, तपस्या और संस्कार की धरती: मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रयागराज में कई विकास योजनओं का शिलान्यास किया। इसके बाद सभा को संबोधित करते हुए प्रयागराज को तप, तपस्या और संस्कार की धरती बताया। उन्होंने कहा, "तप, तपस्या, संस्कृति, संस्कार की धरती तीर्थराज प्रयाग के जन-जन को मेरा सादर प्रणाम! जब भी प्रयागराज आने का अवसर मिलता है तो मन और मस्तिष्क में एक अलग ही ऊर्जा का संचार होता है। आज मैं आप सभी को एक खुशखबरी देने आया हूं। इस बार अर्धकुंभ में सभी श्रद्धालु अक्षय वट के दर्शन कर सकेंगे। कई पीढ़ियों से ये अक्षयवट किले में बंद था। लेकिन इस बार यहां आने वाला हर श्रद्धालु स्नान करने के बाद अक्षयवट के दर्शन का सौभाग्य भी प्राप्त कर सकेगा।"

    15:41 (IST)16 Dec 2018
    पीएम मोदी ने अक्षयवट के दर्शन किए

    उत्तर प्रदेश दौरे पर प्रयागराज पहुंचे पीएम ने अक्षयवट का दर्शन किया। 

    14:30 (IST)16 Dec 2018
    प्रयागराज में गंगा किनारे की पूजा

    उत्तर प्रदेश के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रायबरेली के बाद प्रयागराज पहुंचे। यहां उन्होंने संगम किनारे पूजा अर्चना की। 

    12:43 (IST)16 Dec 2018
    हमारा लक्ष्य सबका साथ-सबका विकास: मोदी

    नरेंद्र मोदी ने कहा, "बीते कुछ समय से कर्जमाफी को लेकर भी कांग्रेस बड़ी-बड़ी बातें कर रही है। लेकिन ये भी सिर्फ धोखा है, झूठ है। कर्नाटक में कांग्रेस ने किसानों से कर्जमाफी का वादा किया था। सिर्फ 10 दिन की बात कही गई थी लेकिन आज 6 महीने बाद सच्चाई कुछ और है। अभी 2-3 दिन पहले ही अखबारों में आया है कि कर्नाटक में 6 महीने में एक हजार से भी कम किसानों का कर्जा माफ हुआ है। सैकड़ों किसानों के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट निकल रहा है। कांग्रेस पूरी ताकत लगा रही है कि ये सच्चाई दब जाए, छिप जाए, देश के किसानों के सामने न आए। हमारा एक ही मंत्र है, सबका साथ, सबका विकास। इसको सुनिश्चित करने के लिए दिन रात हम लगे हुए हैं। यहां रायबरेली में भी 8 लाख लोगों के बैंक खाते खोले गए हैं। पौने दो लाख महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिया गया है। लगभग 55 हजार घरों को मुफ्त बिजली कनेक्शन देकर रोशन किया गया है।"

    12:41 (IST)16 Dec 2018
    कांग्रेस ने क्यों नहीं लागू किया स्वामीनाथन रिपोर्ट: पीएम


    पीएम ने कहा, " कांग्रेस के पास इस बात का क्या जवाब है कि जब वो दस साल तक सत्ता में रही, तो क्यों उसने स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट को लागू नहीं किया? इस बात का जवाब कांग्रेस कभी नहीं देगी और न ही उसका बनाया इकोसिस्टम उससे कभी ये जवाब मांगेगा। एनडीए सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए MSP पर स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट को लागू किया। खरीफ और रबी की 22 फसलों पर MSP को सुनिश्चित किया गया है। कांग्रेस का इकोसिस्टम आपको कभी नहीं बताएगा कि सिर्फ इस फैसले से देश के किसानों को 60 हजार करोड़ रुपए मिलना तय हुआ है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अगर मैं पिछले 2 वर्ष का आंकड़ा दूं, तो किसानों से प्रीमियम के रूप में 8 हजार करोड़ रुपए लिए गए। लेकिन आपदा के बाद, फसल खराब होने के बाद, उन्हें 33 हजार करोड़ रुपए की मदद की गई। यानि जितना किसानों से लिया, उससे 4 गुना से ज्यादा वापस किया गया।" 

    12:27 (IST)16 Dec 2018
    कुछ लोगों को भारत माता की जय से भी दिक्कत: मोदी

    मोदी ने कहा, "भारत माता की जय से कुछ लोगों को दिक्कत होती है, वो मोदी को गाली देते हैं, मोदी पर दाग लगाने की कोशिश कर रहे हैं। मोदी को उन्हें गाली देनी है, मैं जानता हूं। मोदी पर वो किसी भी तरह एक दाग लगा देना चाहते हैं, ये भी जानता हूं। लेकिन जानना चाहता हूं कि इसके लिए देश को ताक पर क्यों रख दिया गया है? क्यों देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है? कुछ ऐसे लोग हैं जिनको झूठ बोलना, झूठ खाना, झूठ पीना हो गया है ऐसे लोगों को आज सुप्रीम कोर्ट भी झूठा लग रहा है। लेकिन सत्‍य को श्रृंगार की जरूरत नहीं होती है। झूठ कितना भी बोला जाए झूठ में जान नहीं होती है। मैं देशवासियों से कहना चाहता हूं कि देश की सेनाओं के प्रति क्या रवैया रहा है वो किसी से छुपा नहीं है। देश कभी इसके लिए कांग्रेस को माफ नहीं करेगी।" 

    12:24 (IST)16 Dec 2018
    हमारे लिए हमेशा दल से बड़ा देश है और हमेशा रहेगा: मोदी

    प्रधानमंत्री ने कहा, "हमारे लिए हमेशा दल से बड़ा देश है और हमेशा रहेगा। मैं देश को कहना चाहता हूं कि जब देश की सुरक्षा की बात हो, सेना की जरूरतों की बात हो, सैनिकों के सम्मान की बात हो, एनडीए सरकार सिर्फ एक बात का ध्यान रखती है- राष्ट्रहित, देशहित। यही हमारी परवरिश है, यही हमारे संस्कार हैं। हमारे जवानों की सुरक्षा के प्रति कांग्रेस का क्या रवैया रहा है, ये मैं देश को फिर याद दिलाना चाहता हूं। 2009 में भारतीय सेना ने 1 लाख 86 हजार बुलेट प्रूफ जैकेट की मांग की थी। 2009 से लेकर 2014 तक पाँच साल बीत गए, लेकिन सेना के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट नहीं खरीदी गई। केंद्र में हमारी सरकार बनने के बाद 2016 में हमने सेना के लिए 50 हजार बुलेटप्रूफ जैकेट खरीदी। मैं देश को ये भी जानकारी देना चाहता हूं कि इस साल अप्रैल में पूरी 1 लाख 86 हजार बुलेट प्रूफ जैकेट का ऑर्डर दिया जा चुका है। ये जैकेट भारत की ही एक कंपनी बना रही है।" 

    12:21 (IST)16 Dec 2018
    सच को ऋंगार की जरूरत नहीं: मोदी

    नरेंद्र मोदी ने कहा, 'सच को ऋंगार की जरूरत नहीं होती और झूठ चाहे जितना भी बोला जाए, उसमें जान नहीं होती। लेकिन हमारे यहां ये भी कहा गया है- “जयेत् सत्येन चानृतम्” यानि झूठ बोलने की प्रवृत्ति पर सत्यवादिता से ही विजय प्राप्त होती है। करगिल युद्ध के बाद हमारी वायुसेना ने आधुनिक विमानों की जरूरत बताई थी। अटल जी की सरकार के बाद कांग्रेस ने 10 साल देश पर राज किया, लेकिन वायुसेना को मजबूत नहीं होने दिया। आखिर क्यों? किसके दबाव में? रक्षा सौदों के मामले में कांग्रेस का इतिहास बोफोर्स घोटाले वाले क्वात्राकी मामा का रहा है। हेलीकॉप्टर घोटाले के आरोपी क्रिश्चियन मिशेल को पकड़कर कुछ दिन पहले ही भारत लाया गया है। सभी ने ये देखा है कि कैसे इस आरोपी के बचाने के लिए कांग्रेस ने अपना वकील अदालत में भेज दिया। मैं कांग्रेस से जानना चाहता हूं कि क्या वो इसलिए भड़की हुई है, झूठ पर झूठ बोल रही है क्योंकि भाजपा सरकार जो रक्षा सौदे कर रही है, उसमें कोई क्वात्रोकी मामा नहीं है, क्रिश्चियन मिशेल नहीं है? क्या इसलिए वो अब न्यायपालिका पर अविश्वास का माहौल पैदा करने में जुट गई है?' 

    12:19 (IST)16 Dec 2018
    पीएम बोले- कांग्रेस हमारी सेनाओं को मजबूत नहीं होने देना चाहतीं

    पीएम ने कहा, "आज देश के सामने दो पक्ष हैं। एक पक्ष सरकार का, जो हर तरह से कोशिश कर रही है कि हमारी सेना की ताकत बढ़े। दूसरा पक्ष उन ताकतों का है, जो किसी भी कीमत पर देश को कमजोर करना हैं। देश देख रहा है कि कांग्रेस उन ताकतों के साथ खड़ी है जो हमारी सेनाओं को मजबूत नहीं होने देना चाहतीं। रामचरित मानस में एक चौपाई है। गोस्वामी तुलसीदास जी ने लिखा है कि भगवान राम किसी का व्यक्तित्व समझाते हुए कहते हैं “झूठई लेना, झूठई देना, झूठई भोजन, झूठ चबेना”। यानि कुछ लोग झूठ ही स्वीकार करते हैं, झूठ ही दूसरो को देते हैं, झूठ का ही भोजन करते हैं और झूठ ही चबाते हैं।" 

    12:13 (IST)16 Dec 2018
    वीर सेना ने आतंकी प्रतीक शक्तियों को चटाई थी धूल: मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, "देश के इतिहास में आज का दिन एक और वजह से बहुत विशेष है। 1971 में आज के ही दिन भारत की वीर सेना ने आतंक, अत्याचार और अराजकता की प्रतीक शक्तियों को धूल चटाई थी। इस युद्ध का हिस्सा रहे देशभर के सभी सैनिकों को मैं नमन करता हूं। मोदी को उन्हें गाली देनी है, मैं जानता हूं। मोदी पर वो किसी भी तरह एक दाग लगा देना चाहते हैं, ये भी जानता हूं। लेकिन जानना चाहता हूं कि इसके लिए देश को ताक पर क्यों रख दिया गया है? क्यों देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है?" 

    12:08 (IST)16 Dec 2018
    कारोबारियों को हो रहा फायदा: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, "2014 से पहले यहां के स्थानीय व्यापारियों से इस फैक्ट्री के लिए एक करोड़ से भी कम का सामान खरीदा जाता था, लेकिन हमारी सरकार बनने के बाद से यहां के स्थानीय कारोबारियों से 125 करोड़ से भी ज्यादा का सामान अब तक खरीदा जा चुका है।" 

    12:07 (IST)16 Dec 2018
    क्षेत्र के युवाओं के लिए बढ़ेगा रोजगार: पीएम

    पीएम ने कहा, "अगर कोच फैक्टरी की क्षमता बढ़ेगी तो यहां के युवाओं के लिए हर तरह के रोजगार बढ़ेंगे। उस दिन के बारे में सोचिए, जब यहां हर रोज 10-12 नए कोच बनने लगेंगे। जब पहले की सरकार ने यहां पर रेल कोच फैक्ट्री का निर्माण तय किया था, तो ये तय हुआ था कि 5000 कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। लेकिन स्वीकृति इसके आधे पदों को ही दी गई। इतना ही नहीं, 2014 में हमने ये भी देखा कि यहां की कोच फैक्ट्री में एक भी नई नियुक्ति नहीं हुई थी। अब आज की स्थिति ये है कि लगभग 2 हजार नए कर्मचारियों को हमारी सरकार ने नियुक्त किया है। आज मुझे ये कहते हुए गौरव का एहसास हो रहा है कि आने वाले समय में रायबरेली, रेल कोच निर्माण के मामले में एक ग्लोबल हब बनने वाला है।" 

    12:04 (IST)16 Dec 2018
    पीएम बोले- रायबरेली की फैक्ट्री में बनेंगे मेट्रो के डिब्बे

    पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, "ये फैक्ट्री 2007 में स्वीकृत हुई थी। 2010 में ये फैक्ट्री बनकर तैयार भी हो गई। लेकिन उसके बाद 4 साल तक इस फैक्ट्री में कपूरथला से डिब्बे लेकर उनमें पेंच कसने और पेंट करने का काम हुआ। जो फैक्ट्री नए डिब्बे बनाने के लिए थी, उसे पूरी क्षमता से कभी काम ही नहीं करने दिया गया। बहुत जल्द इस फैक्टरी में देश भर की मेट्रो के डिब्बे बनेंगे। सेमी हाई स्पीड ट्रेनों के डिब्बे भी बनेगें।" 

    11:53 (IST)16 Dec 2018
    पीएम मोदी बोले- प्रदेश के विकास के लिए भाजपा सरकार समर्पित

    पीएम मोदी ने रायबरेली में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में विकास के लिए भाजपा सरकार समर्पित है। हमने यहां के लोगों की जीवन को सरल और सुगम बनाने के लिए कुछ देर पहले 1100 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण किया। मैंने कुछ देर पहले मॉडर्न रेल कोच फैक्ट्री में 900वें कोच को झंडी दिखाई। पहले धीमी गति से काम हो रहा था। आज इस फैक्ट्री में जिस गति से काम हो रही है, वैसा कभी नहीं हुआ था। 

    11:51 (IST)16 Dec 2018
    सीएम योगी बोले- मेक इन इंडिया के स्वरूप को साकार कर रही रेल फैक्ट्री

    रायबरेली की रेल फैक्ट्री नौजवानों को नौकरी दे रही है। मेक इन इंडिया के स्वरूप को भी साकार कर रही है। 2014 से रायबरेली में विकास की रफ्तार तेज हुई है। 

    11:20 (IST)16 Dec 2018
    कांग्रेस महिला विंग ने दी विरोध प्रदर्शन की धमकी

    कांग्रेस महिला विंग ने मोदी के खिलाफ प्रदर्शन की धमकी दी। विधायक अदिति सिंह ने कहा कि पीएम मोदी द्वारा कथित तौर पर यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी को लेकर महिला विंग काला झंडा दिखाएगी। 

    11:16 (IST)16 Dec 2018
    पांच राज्यों में चुनाव के बाद पीएम की पहली रैली

    मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में पीएम मोदी की पहली सार्वजनिक रैली है। भाजपा को तीन राज्यों में मिली हार के बाद और राफेल मामले में सर्वोच्च अदालत से मिली राहत के बाद मोदी का यह पहला दौरा है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा सियासत को और गर्माएगा। 

    11:13 (IST)16 Dec 2018
    सुरक्षा के कड़े इंतजाम

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मोदी की सुरक्षा के लिए पांच केंद्रीय सुरक्षा बलों की कंपनी, चार कंपनी आरएएफ और एक कंपनी सशस्त्र सीमा बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा 10 कंपनी पीएसी और 10 जिलों के एसपी भी सुरक्षा में लगाए गए हैं।

    11:12 (IST)16 Dec 2018
    अंदावा में जनसभा को संबोधित करेंगे पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री फूलपुर लोकसभा क्षेत्र के अंदावा में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह अक्षयवट जाएंगे और दर्शन-पूजन करने के बाद कुंभ मेला क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।

    11:11 (IST)16 Dec 2018
    प्रयागराज भी जाएंगे पीएम मोदी

    रायबरेली के बाद मोदी प्रयागराज के अरैल में दोपहर करीब एक बजे अरैल ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां से वह कुंभ की तैयारियों का जायजा लेंगे। साथ ही इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण कर करीब 35 सौ करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री संगम पहुंचकर गंगा पूजन करेंगे।

    11:10 (IST)16 Dec 2018
    रायबरेली मॉर्डन रेल कोच फैक्ट्री का पीएम मोदी ने किया निरीक्षण

    पीएम मोदी ने रायबरेली स्थित मॉडर्न रेल कोच फैक्ट्री का निरीक्षण किया। यहां वे फैक्ट्री में निर्मित 900वें कोच और हफसफर रेक को झंडी दिखाएंगे। 

    11:02 (IST)16 Dec 2018
    पीएम रायबरेली में करीब 11,00 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे

    प्रधानमंत्री वरिष्ठ कांग्रेस नेता और रायबरेली की सांसद सोनिया गांधी के क्षेत्र रायबरेली में करीब 11,00 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। यही नहीं मोदी आधुनिक रेल कोच कारखाने और 558 करोड़ रुपये की लागत से बने रायबरेली-बांदा हाइवे का भी लोकार्पण करेंगे। 133 किलोमीटर लंबा रायबरेली मार्ग बुंदेलखंड, चित्रकूट, लखनऊ और उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है।