राजनीतिक चिन्तक गोविन्दाचार्य ने आज कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार को ‘‘बैलों की जोड़ी’’ के रूप में कार्य करना चाहिए।
गोविन्दाचार्य ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को लोकसभा चुनाव में दिल्ली की जनता से बहुमत मिला, जबकि दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को जनता ने बहुमत दिया। दोनों को जनादेश का आदर करना चाहिए।….अब दोनों को बैलों की जोड़ी के रूप में जनता की सेवा करनी चाहिए।’’
दिल्ली चुनाव के बाद की परिस्थितियों और उसके प्रभाव की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच किसी तरह की तल्खी राष्ट्र के लिए घातक साबित होगी।
गोविन्दाचार्य ने कहा, ‘‘चुनावी चर्चाओं और तल्खियों को चुनाव के बाद छोड़ देने की भारतीय राजनीति की स्वस्थ परंपरा कायम रहनी चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्रहित में यही है कि केंद्र और दिल्ली की सरकारें नयी स्वस्थ राजनीतिक संस्कृति का विकास करें।