उत्तर मुंबई के गोरई तट से 12 किलोमीटर दूर मंगलवार दोपहर को समुद्र में एक नौका डूब गई जिसमें सवार दो मछुआरे लापता हैं जबकि 11 अन्य को बचा लिया गया। गोरई पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि डूबी नौका का नाम लकी स्टाट है और उसमें 13 मछुआरे सवार थे। हादसे के वक्त इलाके में भारी बारिश हो रही थी। उन्होंने बताया, ‘‘नजदीक मौजूद एक अन्य नौका पर सवार लोग पानी में छलांग लगा 13 में से 11 लोगों को बचाने में कामयाब हुए, लेकिन दो लोग अब भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक नौका का भी पता नहीं चला है।’’
गोरई थाने के वरिष्ठ निरीक्षक संजय नारकर, बृह्नमुंबई महानगर पालिका का आपदा प्रबंधन विभाग, अग्निशमन दल के सदस्य और पुलिस कर्मी बचाव अभियान में लगे हुए हैं। बता दें कि नौका शनिवार को समुद्र में एक हफ्ते की तैयारी के साथ गई थी, लेकिन मंगलवार को हादसे के समय तट पर वापस लौट रही थी।
राम मंदिर भूमि पूजन से जुड़े हर ताजा अपडेट की जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
बता दें कि मुंबई में सोमवार रात से हो रही भारी बारिश से हालात काफी भयावह हो गए हैं। समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री आदित्य ठाकरे ने मुंबई के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया है।
मुंबई में भारी बारिश के चलते दहीसर नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ गया है, जिससे आसपास के इलाकों के लिए खतरा पैदा हो गया है। ठाकरे ने मंगलवार को कहा हिंदमाता इलाके में जलजमाव की समस्या पिछले तीन-चार सालों में पहले के मुकाबले कम हुई है। आने वाले सालों में ये और कम हो जाएगी।
यह सप्ताह वर्षा के लिहाज से महाराष्ट्र के लिए अच्छा रहने वाला है। कोंकण तथा गोवा क्षेत्र में 6 अगस्त तक भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र में भी 6 अगस्त तक कई स्थानों पर अच्छी वर्षा होने के आसार हैं। एक निम्न दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी पर जल्द ही विकसित होगा, जो ओडिशा के तट को पार करते हुए पश्चिम की तरफ बढ़ेगा। इसके प्रभाव से विदर्भ में 5 और 6 अगस्त को भारी वर्षा हो सकती है। मराठवाड़ा में अगले दो-तीन दिनों के दौरान हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
1 जून से 2 अगस्त के बीच महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में अब तक 45% ज्यादा वर्षा हो चुकी है। सूखे का अभिशाप झेलने वाले मराठवाड़ा पर इस साल इंद्रदेव मेहरबान हैं, और अच्छी बारिश हो रही है। विदर्भ को 14% कम वर्षा मिली है, जबकि मध्य महाराष्ट्र को सामान्य से 9% अधिक वर्षा प्राप्त हो चुकी है। कोंकण व गोवा क्षेत्र में सामान्य वर्षा हुई है।
मुंबई के उपनगर सांताक्रूज़ में मंगलवार दोपहर को भारी बारिश की वजह से एक घर के ढहने के बाद एक उफनते नाले में 35 साल की एक महिला और उसके तीन बच्चे बह गए। दमकल सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि घटना सुबह साढ़े 11 बजे धोबीघाट इलाके में हुई जहां भारी बारिश की वजह से नाले से सटा एक मंजिला घर ढह गया। उन्होंने बताया कि इसके बाद महिला और एक से सात साल के उसके तीन बच्चे नाले में बह गए।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस किसी तरह से दो साल की बच्ची को बचाने में कामयाब रही। इसके बाद दोपहर करीब सवा 12 बजे दमकल कर्मी पहुंचे। महिला तथा दो अन्य बच्चों के लिए खोज अभियान चल रहा है। अधिकारी ने बताया कि दमकल की कम से कम दो गाड़ियां, एक ऐंबुलेंस, एनडीआरएफ और अन्य बचाव टीमों को सेवा में लगाया गया है।
मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर कहा है कि आने वाले दो दिनों तक मुंबई में भारी बारिश का दौर चलता रहेगा। मुंबई की सड़कों पर पानी भरने के चलते परिवहन व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हुई है और बेस्ट बसों ने 56 रूट्स पर संचालन में बदलाव किए हैं।
मुंबई और थाणे में बारिश के चलते ट्रेन सेवा भी प्रभावित हुई है और कई रूट्स पर ट्रेनों के संचालन को रोक दिया गया है। सांताक्रूज में रिकॉर्ड 254 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। वहीं दक्षिण मुंबई के कोलाबा में रिकॉर्ड 220 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है।
मुम्बई और निकटवर्ती इलाकों में रात भर भारी बारिश होने के बाद कई जगह जलजमाव के कारण लोकल ट्रेन और यातायात सेवाएं मंगलवार को प्रभावित हुईं। यहां तक की कोविड-19 के मरीजों का इलाज कर रहीं नर्सों और अन्य चिकित्सकीय कर्मियों को भी अस्पताल पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शहर के कई इलाकों में सोमवार रात से 200 मिमी से अधिक बारिश हो चुकी है और अगले 48 घंटों में भी ऐसे ही बारिश जारी रहने की संभावना है। कोरोना वायरस के मद्देनजर केवल आवश्यक सेवाओं में लगे लोगों के लिए चलाई जा रही, मुम्बई और उपनगर में लोकल ट्रेन सेवाएं भी पटरियों पर पानी भरने की वजह से बाधित हुईं। बायकुला, दादर और महालक्ष्मी के पास सड़कों पर पानी भरने की वजह से वहां से यातायात को दूसरे मार्गों पर परिवर्तित करना पड़ा। उपनगर कांदिवली में भी सुबह सड़कों पर पानी भरा था।
मुंबई में बीती रात और सुबह भारी बारिश होने की वजह से बंबई उच्च न्यायालय ने मंगलवार को विभिन्न मामलों की ऑनलाइन सुनवाई टाल दी। एक अधिकारी ने बताया कि बारिश के कारण अदालत के कई कर्मी दक्षिण मुंबई स्थित अदालत नहीं पहुंच सके । इसलिए उच्च न्यायालय की पांच पीठों ने कई मामलों की सुनवाई स्थगित कर दी। इन पीठों में मुख्य न्यायाधीश दीपांकर दत्ता की अध्यक्षता वाली पीठ भी शामिल है।
मुंबई, ठाणे और पुणे में मंगलवार और बुधवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। रायगढ़ जिले में भी बुधवार तक ऐसा ही अलर्ट जारी किया गया है। पालघर जिले में भी कई जगह मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
भारी बारिश के चलते बीएमसी ने अपील की है इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी ऑफिस और प्रतिष्ठान बंद रखें। बारिश के चलते परिवहन व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है। बता दें कि सरकार ने आज मुंबई में सभी सरकारी ऑफिस बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
मुंबई में भारी बारिश के चलते महाराष्ट्र सरकार ने सभी सरकारी कार्यालयों में आज छुट्टी का ऐलान किया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
महाराष्ट्र में भारी बारिश के चलते कांदिवली इलाके में घरों में भी पानी घुस गया है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और खाने-पीने की भी समस्या हो गई है।
मुंबई में भारी बारिश के चलते सांताक्रूज के नजदीक मराठा कालोनी में सड़कों पर पानी भर गया है। इससे वाहनों को निकलने में काफी परेशानी हो रही है और वहां जाम की स्थिति बन गई है।
समुद्र में ऊंची लहरें उठने के कारण वडाला और परेल इलाकों में जलभराव की समस्या हो गई है। जिसके चलते मेन लाइन और हार्बर लाइन पर ट्रेन सेवा स्थगित करनी पड़ी है। हालांकि वाशी और पनवेल और थाणे और कल्याण के बीच चलने वाली शटल सेवाएं संचालित होंगी।