Mumbai Rain: भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई शहर और उपनगरीय क्षेत्र के लिए शुक्रवार तक रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के मद्देनजर ठाणे शहर में स्कूल बंद कर दिये गये हैं। भारी बारिश के चलचे यातायात, लोकल ट्रेन और बस सेवाओं में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने कहा कि गुरुवार को मुंबई में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव हो गया, अधिकांश मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक जाम हो गया और पश्चिमी और मध्य रेलवे दोनों की उपनगरीय ट्रेन सेवाओं में देरी हुई।

मुंबई शहर में 1991 के बाद से इस साल जुलाई में 1,500 मिमी के आंकड़े को पार करते हुए सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। आईएमडी के अनुसार, रायगढ़, रत्नागिरी, सांगली और गढ़चिरौली जिलों सहित महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में ‘रेड’ अलर्ट जारी किया गया है।

ठाणे में उफनते नाले में शख्स बहा

इस बीच, ठाणे के कुछ हिस्सों में घुटनों तक पानी जमा हो गया, जहां लगातार बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ने के कारण सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। कलवा शहर में एक खाड़ी के पास उफनते नाले में 32 वर्षीय एक व्यक्ति बह गया, जबकि ओवला क्षेत्र में एक बांध में 19 वर्षीय एक व्यक्ति के डूबने की आशंका है।

तानसा बांध ओवरफ्लो

भारी बारिश की वजह मुंबई को पानी की सप्लाई करने वाला तानसा बांध भी ओवरफ्लो हो गया है। प्रशासन की तरफ से शाहपुर, भिवंडी और पालघर जिले के गांवों को सतर्क किया जा रहा है। बांध का एक गेट खोल दिया गया है और 1100 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। गांव वालों को हिदायत दी गई है कि वो बांध से छोड़े गए पानी का सावधानी से इस्तेमाल करें।

वहीं, कोल्हापुर जिले के राधानगरी बांध के पांच गेट खोले जा चुके हैं। पांच दरवाजों से आठ हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। कोल्हापुर की पंचगंगा नदी खतरे के निशान से 40 फीट 5 इंच ऊपर बह रही है। राधानगरी डैम से छोड़ा गया पानी पंचगंगा नदी में आने से सैलाब का संकट गहरा सकता है। प्रशासन की तरफ से नदी किनारे रहने वालों को दूर जाने की चेतावनी दी जा रही है।