मुंबई में लगातार बारिश हो रही है। बारिश से लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। इस बीच मुंबई के तट पर समुद्र में हाईटाइड की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि समुद्र से उठने वाली लहरों की ऊंचाई करीब 4.40 मीटर तक ऊंची हो सकती है।
रात में भी उठ सकती हैं लहरें
मौसम विभाग ने दोपहर 2 बजे हाई टाइड की संभावना जताई थी। वहीं इसके बाद रात 1:41 बजे समुद्र में ऊंची लहरें उठने की संभावना जताई गई है। रात में 3.78 मीटर तक लहरी ऊंची उठ सकती है।
वहीं सोमवार रात 8:03 बजे भी लो टाइड की संभावना जताई गई है। इस दौरान समुद्र के लहरों की ऊंचाई 1.64 मीटर रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह भी लो टाइड रहने की संभावना है। इस दौरान समुद्री लहरों की ऊंचाई करीब 0.96 मीटर रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार मुंबई में आसमान में बादल छाए रहेंगे। इसके अलावा कुछ स्थानों पर हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मुंबई और उपनगरों में दिन भर आज बारिश के आसार हैं। रविवार शाम 8 बजे से लेकर सुबह 8 बजे तक मुंबई शहर में अवरेज 115.63 मिमी. बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा मुंबई पूर्व उपनगर में 168.68 मिमी बारिश जबकि मुंबई पश्चिमी उपनगर में 165.93 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान मुंबई में बारिश की वजह से जलजमाव और ट्रैफिक की समस्या भी खड़ी हो गई है।
मुंबई में 300 मिलीमीटर बारिश
मुंबई में रविवार रात 1 बजे से लेकर सोमवार सुबह 7 बजे तक महज 6 घंटे में ही 300 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। वहीं शहर में अगले तीन से चार दिनों तक बारिश से राहत के असर काफी कम है। मुंबई में सभी स्कूलों और कॉलेज में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे खुद बीएमसी के साथ बारिश से निपटने के लिए समीक्षा बैठक कर रहे हैं। मौसम विभाग ने रविवार को बताया कि कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा में अगले 5 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।