Mulayam Singh Yadav: सपा संरक्षक और यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव खराब स्वास्थ्य के चलते गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती हैं। उनका हालचाल लेने के लिए तमाम राजनीतिक दलों के नेता अस्पताल पहुंच रहे हैं। ऐसे में आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव भी बुधवार(5 अक्टूबर) को मुलायम सिंह यादव से मिलने पहुंचे।
समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य को लेकर लालू प्रसाद यादव ने मीडिया से बताया कि गुरुग्राम में भर्ती मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। हम लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे जल्दी स्वस्थ हो जाए। लालू यादव के साथ उनके बेटे और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी अस्पताल पहुंचे थे। बता दें कि मुलायम सिंह यादव अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती हैं। पिछले कुछ दिनों से उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
वहीं मुलायम सिंह यादव का हाल लेने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी बुधवार को मेदांता अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से मुलायम सिंह यादव यहां भर्ती हैं। मैं कामना करता हूं कि वे जल्द ठीक हो जाएं। मैं उनसे मिल कर आया हूं। हमारे पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला भी यहां भर्ती हैं, मैंने उनसे भी मुलाकात की।
आईसीयू में हैं मुलायम सिंह यादव:
अस्पताल के मुताबिक मुलायम सिंह यादव की हालत में सुधार देखा जा रहा है लेकिन अभी वो खतरे से बाहर नहीं हैं। सीएम खट्टर ने कहा कि अभी भी मुलायम सिंह यादव रिस्क जोन में है। मगर पहले से हालत में सुधार है। वहीं अस्पताल के मुताबिक रविवार को उन्हें आइसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
अखिलेश यादव ने मेदांता पहुंचकर ली जानकारी:
मुलायम सिंह यादव अभी खुद से ऑक्सीजन लेवल मेनटेन नहीं कर पा रहे हैं। उनकी देखरेख के लिए डाक्टर हर दो से तीन घंटे में आक्सीजन का प्रेशर कम कर रहे हैं और दवाओं का असर कितना हो रहा है, देख रहे हैं। हेल्थ बुलेटिन में बताया गया कि यूरिन इन्फेक्शन कम हुआ है। वहीं यूपी के पूर्व सीएम और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मेदांता अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से अपने पिता के स्वास्थ्य की विस्तार से जानकारी ली।
