Moti Nagar (Delhi) Election/Chunav Result 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों के बीच मोती नगर सीट का भी रिजल्ट आ गया है। यहां से बीजेपी के उम्मीदवार हरीश खुराना ने जीत दर्ज की है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के शिव चरण गोयल को 11657 वोटों के अंतर से हराया है। शिव चरण गोयल को कुल 45908 वोट मिले, जबकि हरीश खुराना को 57565 वोट प्राप्त हुए। कांग्रेस पार्टी के राजेंद्र सिंह को 3334 वोट प्राप्त हुए। मोती नगर विधानसभा एक सामान्य सीट है। यहां से 2020 में आम आदमी पार्टी के शिव चरण गोयल ही चुनाव जीते थे।
मोती नगर विधानसभा चुनाव परिणाम 2025
पार्टी | प्रत्याशी | रिजल्ट/वोट प्राप्त |
आम आदमी पार्टी | शिव चरण गोयल | 45908 |
बीजेपी | हरीश खुराना | 57565 |
कांग्रेस | राजेंद्र सिंह | 3334 |
2020 मोती नगर विधानसभा चुनाव परिणाम
पार्टी | प्रत्याशी | कुल वोट/प्रतिशत |
आप | शिव चरण गोयल | 60622 53.83% |
बीजेपी | सुभाष सचदेवा | 46550 41.34% |
कांग्रेस | रमेश पोपली | 3152 2.8% |
2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में मोती नगर सीट से आप के शिव चरण गोयल को 60,622 वोट मिले (जीते)। भाजपा के सुभाष सचदेवा को 46,550 वोट मिले। कांग्रेस के रमेश पोपली को 3,152 वोट मिले थे।
2015 मोती नगर विधानसभा चुनाव परिणाम
पार्टी | प्रत्याशी | कुल वोट/प्रतिशत |
आप | शिव चरण गोयल | 60223 53.13% |
बीजेपी | सुभाष सचदेवा | 45002 39.7% |
कांग्रेस | राज कुमार मग्गो | 6111 5.39% |
2015 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में मोती नगर सीट से आप के शिव चरण गोयल को 60,223 वोट मिले (जीते)। भाजपा के सुभाष सचदेवा को 45,002 वोट मिले। वहीं कांग्रेस के राज कुमार मग्गो को 6,111 वोट मिले थे।
कैसा है मोती नगर का चुनावी इतिहास
1972 में यहां सबसे पहले चुनाव हुए। इन चुनावों में कांग्रेस के केसी मलिक ने भारतीय जनसंघ के तिलक राज वर्मा को 1,878 वोट से हरा दिया था। 1977 में यहां फिर से चुनाव हुए जिसमें जनता पार्टी के मदन लाल खुराना ने कांग्रेस के योगेन्द्र सिंह को 10813 वोट से हरा दिया था। 1983 में हुए चुनावों में भाजपा के मदन लाल खुराना ने कांग्रेस की सत्यवती चौधरी को 7740 वोट से हरा दिया।
1993: मोती नगर ने मुख्यमंत्री चुना
दिल्ली को विधानसभा वाला केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद 1993 में विधानसभा के चुनाव हुए। इस समय भाजपा के मदन लाल खुराना ने कांग्रेस की अंजली राम को 9138 वोट से हरा दिया था। खुराना को 33503 वोट मिले। वहीं, अंजली राम को 24365 वोट से संतोष करना पड़ा। मोती नगर में इस जीत के बाद ही मदन लाल खुराना दिल्ली के मुख्यमंत्री बने।
1998: भाजपा को मिली जीत
1998 के विधानसभा चुनाव में मुकाबला फिर से भाजपा और कांग्रेस के बीच में देखने को मिला। भाजपा ने इस बार मदन लाल खुराना की जगह अविनाश साहनी को टिकट दिया था। अविनाश साहनी ने कांग्रेस के कंवलजीत सिंह को 3309 वोट से हरा दिया।
2003: पांच साल बाद फिर जीते मदन लाल खुराना
2003 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने फिर से मदन लाल खुराना को मोती नगर सीट से उम्मीदवार बनाया। खुराना एक बार फिर यहां से जीतने में सफल रहे। उन्होंने कांग्रेस की अलका लांबा को 15,190 वोट से हरा दिया था।
2004: करवाने पड़े उपचुनाव
2004 के लोकसभा चुनाव से पहले 14 जनवरी 2004 को मोती नगर के तत्कालीन विधायक मदन लाल खुराना को राजस्थान का राज्यपाल बना दिया गया। राज्यपाल बनने के बाद खुराना ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद इस सीट पर उपचुनाव कराने पड़े। इस उपचुनाव में भाजपा के सुभाष सचदेवा को जीत मिली।
2008: सचदेवा ने दर्ज की दूसरी जीत
2008 के विधानसभा चुनाव में मोती नगर सीट पर कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला देखने को मिला। भाजपा के सुभाष सचदेवा ने कांग्रेस की अंजली राय को 14,997 वोट से हरा दिया।
2013: सुभाष सचदेवा ने लगाई जीत की हैट्रिक
दिल्ली की राजनीति के लिए साल 2013 एक अहम कड़ी साबित हुआ। इस चुनाव में मुकाबले में कांग्रेस-भाजपा के अलावा इस बार भ्रष्टाचार आंदोलन से निकली आम आदमी पार्टी भी थी। मोती नगर विधानसभा सीट पर एक बार फिर भाजपा को जीत मिली। भाजपा के सुभाष सचदेवा ने मोती नगर सीट पर जीत की हैट्रिक लगाई। सचदेवा ने इस बार आम आदमी पार्टी के कुलदीप सिंह चान्ना को 16,021 वोट से हरा दिया। कांग्रेस के सुशील गुप्ता 25,393 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे।
मोती नगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र दिल्ली 70 दिल्ली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। मोती नगर निर्वाचन क्षेत्र नई दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का एक हिस्सा है। मोती नगर पश्चिमी दिल्ली जिले में स्थित है। रिंग रोड इसके पास है, साथ ही पंजाबी बाग आधा किलोमीटर दूर है और मोती नगर बाजार भी है। इस इलाके में 100 एकड़ का हरा-भरा पार्क है जिसे डीडीए डिस्ट्रिक्ट पार्क स्वतंत्र भारत मिल्स के नाम से जाना जाता है। यह डीएलएफ कैपिटल ग्रीन्स के बगल में स्थित है।