Delhi NCR Weather Updates: गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में मानसून ने दस्तक दे दी है। आम तौर पर दिल्ली में मानसून की एंट्री 27 जून तक होती है लेकिन ये दो दिन पहले ही दिल्ली पहुंच चुका है। रविवार को दिल्ली समेत नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में जमकर बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। सोमवार को अधिकतम तापामन 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
1961 के बाद दिल्ली-मुंबई में एकसाथ मानसून की एंट्री
मौसम विभाग के मुताबिक 21 जून 1961 के बाद यह पहला मौका है जब दिल्लीऔर मुंबई में दोनों जगह मानसून एकसाथ पहुंचा है। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में मानसून अपने तय समय से दो दिन पहले पहुंच गया, जबकि मुंबई में यह दो हफ्ते की देरी से पहुंचा। दिल्ली की सफदरजंग वेधशाला के अनुसार, रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक, बीते 24 घंटे में 48.3 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों तक दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर बरेली, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास कहीं भारी तो कहीं ज्यादा भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
यूपी में भी लोगों को मिली राहत
यूपी में भी मानसून की एंट्री हो गई है। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई शहरों में बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, यूपी में सिद्धार्थनगर जिले से मानसून ने प्रवेश कर लिया है। मौसम विभाग ने यूपी के 20 जिलों में 26 जून से 28 जून तक भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। साथ ही 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिणी-पश्चिमी मानसून पूर्वांचल से अब पश्चिमी यूपी की ओर बढ़ रहा है। यूपी के अधिकांश हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है और यही स्थिति 29 जून तक बनी रहेगी।
अन्य राज्यों का क्या है हाल
उत्तरांखड और हिमाचल में जमकर बारिश देखी जा रही है। हिमाचल के मंडी में भारी बारिश के कारण भूस्खलन से चंडीगढ़ हाईवे जाम हो गया। 200 से अधिक पर्यटक यहां फंसे हुए हैं। उत्तराखंड के लैंसडौन, सतपुली, पैठानी में जमकर बारिश हो रही है तो वहीं पौड़ी और श्रीनगर में भी रुक-रुककर बारिश जारी है। ऊपरी इलाकों में हो रही बारिश का असर अलकनंदा नदी में भी देखने को मिल रहा है। उत्तराखंड में हो रही भारी बारिश से चमोली बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लामबगड़ के समीप खचडा नाला अचानक ऊफान पर आ गया। वहीं बिहार में रविवार को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मध्य प्रदेश में भी दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मध्य प्रदेश में दस्तक दे दी है, जिसके बाद कई जिलों में हो रही बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है।