Weather Forecas Weather Forecast News Update On 14 July Thursday: देश में मानसून की दस्तक कई राज्यों के लिए आफत बनी हुई है। जहां महाराष्ट्र में मुंबई में जलभराव की स्थिति है तो वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते जीवन अस्त व्यस्त हुआ है। इस बीच मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, गुजरात के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कर्नाटक के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

महाराष्ट्र: महाराष्ट्र में भारी बारिश के चलते मौसम विभाग ने आज पुणे, नासिक, पालघर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं रायगड, रत्नागिरी, सतारा, ठाणे, मुंबई सबअर्बन, कोल्हापुर, वर्धा, यवतमाल, सिंधुदुर्ग, अमरावती, नागपुर जिलों के लिए भारी बारिश का अनुमान है। इसके लिए इन जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुधवार को महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बारिश से संबंधित घटनाओं में चार और लोगों की मौत हुई है।

वहीं महाराष्ट्र में भंडारा जिले के तुमसर में गुरुवार को एसडीआरएफ की टीम ने 15 लोगों को बचाया। ये लोग बाढ़ के चलते एक मंदिर में फंस गए थे। इसके अलावा चंद्रपुर जिले में पुलिस ने गुरुवार की सुबह करीब 2.30 बजे 22 ट्रक चालकों को सुरक्षित जगह पहुंचाया। वे वर्धा नदी के बढ़ते स्तर के कारण गढ़चंदूर-धनोरा राजमार्ग पर फंस गए थे। इसके अलावा महाराष्ट्र के लातूर जिले में बुधवार सुबह 8 बजे समाप्त 24 घंटे की अवधि में औसतन 56.5 मिमी बारिश हुई।

वहीं पालघर में भी भारी बारिश से स्थिति खराब हुई है। 13 जुलाई को पालघर में वैतरणा नदी में जीआर इंफ्रास्ट्रक्चर के दस कर्मचारी फंस गए थे। एनडीआरएफ टीम द्वारा चलाए गए बचाव अभियान सभी 10 श्रमिकों को मौके से सफलतापूर्वक बचा लिया गया। उधर बृहन्मुंबई नगर निगम ने कहा है कि शहर और उपनगरों में मध्यम से भारी बारिश की आशंका है।

इसके अलावा छिटपुट स्थानों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। महाराष्ट्र के पुणे जिले में भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर अधिकारियों ने 17 जुलाई तक सभी पर्यटन स्थलों पर लोगों के जाने पर रोक लगाई है।

गुजरात: कालियावाड़ी, नवसारी के निचले इलाकों में लगातार हो रही बारिश के बीच बाढ़ की स्थिति है। वहीं 13 जुलाई को भारी बारिश और क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति के बाद वलसाड जिले के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित जगह पहुंचाया। इसके अलावा कई जिलो में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

तेलंगाना: लगातार हो रही भारी बारिश के चलते राज्य सरकार ने सभी शैक्षणिक संस्थानों की छुट्टियों को 14 जुलाई से बढ़ाकर 16 जुलाई करने का फैसला किया है। शिक्षण संस्थान 18 जुलाई सोमवार से फिर से खुलेंगे।

गौरतलब है कि राज्य में तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश हो रही है। इसके कारण गोदावरी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और भद्राचलम में तीसरे चेतावनी स्तर पर पहुंच गया है। एहतियात के तौर पर निचले इलाकों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

जम्मू कश्मीर: राजौरी में तेज बारिश और बाढ़ के चलते फुट ओवर ब्रिज बह गया। जिसमें फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। DDC अध्यक्ष नसीम लियाकत ने कहा, “इसे राज्य आपदा घोषित किया जाए। इससे हमें SDRF में पैसा मिल पाएगा जिससे लोगों को राहत मिलेगी। सड़कों और पुलों को भी ठीक कराया जा सकेगा।

मौसम विभाग का अनुमान: मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में कोंकण और मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ के कुछ हिस्सों, गोवा, गुजरात के कुछ हिस्सों में, तेलंगाना और दक्षिण मध्य प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश संभावना है। इसके अलावा आंतरिक कर्नाटक, दक्षिण तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप, जम्मू कश्मीर, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, झारखंड और बिहार में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।