दक्षिण-पश्चिम मानसून दिल्ली और मुंबई में एक ही समय पर पहुंचा है। 1961 के बाद यह पहली बार है कि मानसून ने दिल्ली और मुंबई में एक साथ दस्तक दी है। भारतीय मौसम विभाग (Indian Meteorological Department) ने बताया कि मुंबई के लिए मानसून की शुरुआत की सामान्य तारीख 11 जून है और दिल्ली के लिए 27 जून है।
कई राज्यों में आया मानसून
शनिवार को IMD के एक अधिकारी ने कहा कि धीमी शुरुआत वाला मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। ये मानसून महाराष्ट्र के कुछ इलाके को कवर करेगा इसके अलावा पूरे कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल सहित कई क्षेत्रों को मानसून कवर करेगा। वहीं मानसून की शुरुआत झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में भी हो गई है।
वहीं मौसम विभाग ने कहा कि मानसून मध्य भारत में पहले से ही 10 से 12 दिन लेट है। वरिष्ठ वैज्ञानिक डी पाई के अनुसार चक्रवात बिपरजॉय ने दक्षिणी भारत और देश के पश्चिमी और मध्य भागों में मानसून की प्रगति को प्रभावित किया। समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए डी पाई ने कहा कि चूंकि सिस्टम ने नमी को अब्सोर्ब कर लिया, इसलिए पश्चिमी तट पर मानसून काफी देर से आया।
डी पाई ने कहा कि मानसून की बंगाल की खाड़ी ब्रांच, जो पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में बारिश के लिए जिम्मेदार है, वह 11 जून से 23 जून के बीच अच्छा रहा। रविवार रात से ही उत्तर भारत और उत्तर पश्चिमी भारत में बारिश हो रही है। दिल्ली-एनसीआर में भी लगातार बारिश हो रही है। दिल्ली में अगले दो दिन लगातार बारिश की संभावना जताई है। दिल्ली में मौसम विभाग ने 25 से 27 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल और उत्तराखंड में भी बारिश
वहीं हिमाचल प्रदेश में भी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार दिनों तक हिमाचल प्रदेश मौसम खराब रहेगा। हिमाचल में 25 से 28 जून के मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है जबकि 25 व 26 जून को भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई इलाकों में 26 जून को बारिश के मद्देनजर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।