देशभर में मानसून की रफ्तार तेज होते ही मौसम ने विकराल रूप ले लिया है। हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश, बादल फटने और बाढ़ की घटनाओं ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। सबसे ज्यादा असर हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में देखा गया, जहां बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से 10 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग लापता हैं। बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस लगातार अभियान चला रही है। भारी बारिश के कारण ब्यास नदी उफान पर है और राज्य में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।

हिमाचल में मंगलवार को बादल फटने की 11 घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकतर मंडी जिले में हुईं। यहां 253.8 मिमी बारिश हुई, जिससे अकेले मंडी में 248 सड़कों सहित कुल 406 सड़कें बंद हो गईं। बिजली आपूर्ति ठप है और दर्जनों मकान व मवेशी शेड बह चुके हैं। चंबा, मंडी और हमीरपुर जिलों से 332 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जबकि स्कूल-कॉलेजों को एहतियातन बंद कर दिया गया है। राज्य सरकार ने आपदा से निपटने के लिए त्वरित राहत व्यवस्था लागू की है।

हिमाचल प्रदेश में बादल फटने के बाद ब्यास और सुकेती नदियों के संगम में उफान, पानी में डूबा पंचवक्त्र महादेव मंदिर, टूटी सड़क से जाते लोग और मलबे में धंसी गाड़ी। (फोटो- पीटीआई)

ओडिशा में बालासोर, मयूरभंज और जाजपुर जिलों में बाढ़ से हालात बिगड़ चुके हैं। बालासोर की 46 पंचायतों में पानी घुस चुका है और 2,900 से ज्यादा लोगों को राहत शिविरों में भेजा गया है। सुवर्णरेखा, बुधबलंग और जलाका नदियां उफान पर हैं, जिससे कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जाजपुर में बैतरणी नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में तेजी लाते हुए हालात पर नजर बनाए हुए है।

आज की ताजा खबर

दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में भी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। दिल्ली में हल्की बारिश और तेज धूप के बीच उमस भरी गर्मी बनी हुई है। भोपाल समेत मध्य प्रदेश के कई शहरों में जलभराव की स्थिति है और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है।

उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश के चलते छह लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं कई जिलों में जलभराव की स्थिति है। भारतीय मौसम विभाग ने हरियाणा, उत्तराखंड और मध्य भारत के अन्य हिस्सों में बाढ़ के खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। कई स्थानों पर नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है और मानसून ट्रफ के दक्षिण की ओर सरकने से आगामी दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम की ताजी जानकारी के लिए पढ़ते रहें जनसत्ता.कॉम