भारतीय लोगों के अंग्रेजी ज्ञान की तारीफ अब विदेशी राजनयिक भी करने लगे हैं। उनका मानना है कि किसी भी दूसरे देश की तुलना में भारत के लोग अच्छी अंग्रेजी बोलते हैं। मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना (Khurelsukh Ukhnaa) इन दिनों भारत की यात्रा पर हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई मुद्दों पर बातचीत हुई। भारत में मंगोलिया के राजदूत गानबोल्ड डैम्बाजाव का मानना है कि कुछ भारतीय ब्रिटिश और अमेरिकियों से भी बेहतर अंग्रेजी बोलते हैं।

2023 में उनकी संसद ने अंग्रेजी को दूसरी आधिकारिक भाषा घोषित किया था

उन्होंने खासकर कांग्रेस सांसद डॉ. शशि थरूर का उदाहरण दिया। उनकी जमकर तारीफ की और कहा कि वे अपने देश के बच्चों को उनकी जैसी इंग्लिश सिखाना चाहते हैं। एक टीवी चैनल से बातचीत में राजदूत ने बताया, “मैं चाहता हूं कि मंगोलिया के हर बच्चे को भारतीयों जैसी अंग्रेजी सीखने का मौका मिले। हमें कम्युनिस्ट हैरिटेज से आजादी पाने में तीस साल लगे। जुलाई 2023 में हमारी संसद ने अंग्रेजी को दूसरी आधिकारिक भाषा घोषित किया।”

12 दिनों से बिना खाए-पिए लगातार गोल चक्कर लगा रहीं सैकड़ों भेड़ें, अनहोनी का इशारा या फिर कोई रहस्य? देखें Viral Video

राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना के साथ बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत बौद्ध ग्रंथों के गहन अध्ययन में सहायता के लिए गंडन मठ में एक संस्कृत शिक्षक भी भेजेगा। प्रधानमंत्री ने कहा, “हमने जल्द ही दस लाख प्राचीन पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण की परियोजना शुरू करने का निर्णय लिया है। नालंदा विश्वविद्यालय ने मंगोलिया में बौद्ध धर्म के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और आज हम नालंदा को गंडन मठ से जोड़कर इस ऐतिहासिक संबंध को और मजबूत करने पर सहमत हुए हैं।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मंगोलिया के राष्ट्रपति हुरेलसुख उखना ने भारत-मंगोलिया के संबंधों को मजबूत करने के लिए अहम बैठक की। इस दौरान यूरेनियम आपूर्ति, द्विपक्षीय रक्षा सहयोग और डिजिटल समाधान जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं के बीच 10 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। इनमें मंगोलिया में भारत की सहायता से 1.7 अरब डॉलर की तेल रिफाइनरी परियोजना और ऊर्जा सहयोग शामिल हैं।

राष्ट्रपति उखना ने भारत की स्वच्छ ऊर्जा पहल की सराहना की और अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन का भी जिक्र किया। मोदी ने कहा कि भारत-मंगोलिया संबंध केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि रणनीतिक और मजबूत हैं।