MK Stalin On Congress: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक के चीफ एमके स्टालिन मानते हैं कि कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर अभी भी प्रासंगिक है। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का मुकाबला करने के लिए एक राष्ट्रीय गठबंधन की हिमायत की। उनका मानना है कि कांग्रेस बगैर ये मोर्चा सफल नहीं हो सकता। स्टालिन ने कहा कि कांग्रेस पटरी पर लौट रही है। भारत को अभी इसकी बहुत जरूरत है।

तमिलनाडु के सीएम ने राहुल गांधी की भी सराहना करते हुए कहा कि वह भाजपा की संकीर्ण राजनीति की सही काट हैं। स्टालिन ने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं को बचाने की खातिर भाजपा का मुकाबला करने के लिए एक राष्ट्रीय गठबंधन’ बनाने की जरूरत है। खास बात है कि आज कांग्रेस अपना 138वां स्थापना दिवस मना रही है। स्टालिन ने ही तमिलनाडु के कन्याकुमारी में सात सितंबर को भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत पर एक राष्ट्रीय ध्वज राहुल गांधी के हाथों में दिया था।

सीएम ने कहा कि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए सोनिया गांधी की कोशिशे रंग ला रही हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे अपने लंबे अनुभव के जरिये पार्टी को फिर से मजबूती की ओर ले जा रहे हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा लोगों के बीच चर्चा का एक बड़ा विषय बन गई है। उनकी यात्रा से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का मनोबल काफी बढ़ गया है। कांग्रेस सही राह पर है और मजबूत होकर बीजेपी का मुकाबला करने को तैयार है।

एक सवाल के जवाब में स्टालिन ने कहा कि वो राहुल गांधी को एक ऐसे युवा नेता के तौर पर देखते हैं जो भविष्य में कुछ बड़ा करने का माद्दा रखता है। राहुल गांधी संसद में काफी दमदार तर्क देते हैं। कई ज्वलंत मुद्दों पर उनका स्पष्ट रुख होता है। राहुल गांधी भाजपा से न सिर्फ चुनावी मोर्चे पर, बल्कि विचारधारा के स्तर पर भी लड़ते हैं। यही कारण है कि राहुल को भाजपा निशाना बना रही है। यह असल में उनकी ताकत को दर्शाता है।

तमिलनाडु के सीएम ने कहा कि हम एक राष्ट्रीय गठबंधन चाहते हैं, जिसमें कांग्रेस को शामिल किया जाए। तमिलनाडु में द्रमुक ने इस तरह का एक गठजोड़ पहले ही कर लिया है। इसे अन्य स्थानों पर लागू करने के लिए एक सफल मॉडल बनाया है, जिस पर काम होना जरूरी है।