Maratha Quota Protest: मराठा आरक्षण मुद्दे पर आंदोलन अब तेज हो गया है। सोमवार को जमकर हिंसा और आगजनी हुई। प्रदर्शनकारियों ने तीन विधायकों के घरों और कार्यालयों में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। साथ ही एक नगरपालिका भवन को फूंकने के साथ सड़क जाम कर दी। बीड जिले में मराठा आरक्षण के लिए चल रहे आंदोलन के दौरान सोमवार शाम को हिंसा की कई घटनाएं देखने को मिलीं। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने बीड में हिंसा के सिलसिले में 49 लोगों को गिरफ्तार किया है।
- सीएम एकनाथ शिंदे ने जारांगे पाटिल से कहा कि मराठा समुदाय को कुनबी सर्टिफिकेट देने को लेकर आज की कैबिनेट में ठोस फैसला लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मराठा आरक्षण के मुद्दे को कानूनी रूप से हल करना जरूरी है और इसके लिए सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में क्यूरेटिव याचिका दायर की है। एएनआई ने बताया कि मुख्यमंत्री शिंदे के साथ संतोषजनक चर्चा के बाद जारांगे पाटिल ने भी पानी पीया।
- मराठा आरक्षण के लिए चल रहे आंदोलन के दौरान हिंसा की घटनाओं के बाद महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में कर्फ्यू लगा दिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने कहा कि यह आदेश सीआरपीसी की धारा 144 (2) के तहत जारी किया गया है।
- जिला कलेक्टर सचिन ओंबासे ने सोमवार को कहा था कि कर्फ्यू अवधि के दौरान पांच से अधिक लोगों के इकट्ठा होने की अनुमति नहीं है। जिले में अगले आदेश तक कर्फ्यू लगाया गया है। यह आदेश धाराशिव के स्कूलों, कॉलेजों और दुकानों पर लागू होगा।
- बीड में इंटरनेट पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। बीड कलेक्टर दीपा मुधोल-मुंडे ने कहा, ”शांति भंग करने वाले किसी भी शरारती तत्व के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”
- मराठा आरक्षण मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे लोगों के एक समूह ने सोमवार शाम को बीड शहर में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रकाश सोलंके के कार्यालय में कथित तौर पर आग लगा दी।
- कल्याण कर्नाटक सड़क परिवहन निगम (केकेआरटीसी) ने मराठा आरक्षण के लिए चल रहे आंदोलन के दौरान उस राज्य के ओमेरगा में प्रदर्शनकारियों द्वारा अपनी एक बस में आग लगा दिए जाने के बाद महाराष्ट्र के लिए अपनी बस सेवाओं को निलंबित कर दिया है। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) ने भी पुणे से मराठवाड़ा के दो जिलों तक अपनी सेवाएं निलंबित कर दीं।
- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यवतमाल में कहा कि मराठा समुदाय को थोड़ा धैर्य रखने की जरूरत है। उन्होंने समुदाय से “अतिवादी रुख न अपनाने” का आग्रह किया और उनसे “सकारात्मक निर्णय” का वादा किया। उन्होंने मराठा आरक्षण के नाम पर हिंसा भड़काने के प्रति भी लोगों को आगाह किया और कहा कि कुछ लोगों की वजह से पूरे आंदोलन पर संदेह जताया जा रहा है।
- रात करीब आठ बजे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्यपाल रमेश बैस से मुलाकात की। जानकारी के मुताबिक इस बैठक में राज्य की कानून व्यवस्था और दूसरे मुद्दों पर बातचीत हुई है।
- रात 10 बजे उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से चर्चा की। आज होने वाली महाराष्ट्र कैबिनेट की बैठक में जस्टिस संदीप शिंदे की कमेटी का रिपोर्ट सरकार स्वीकार कर सकती है। शिंदे कमेटी की रिपोर्ट में कहा है कि एक लाख लोगों से दस्तावेज देखने के बाद 11,530 मराठाओं के पास कुणबी होने के दस्तावेज मिले हैं।
- देर रात सोलापुर और पंढरपुर से भी आगजनी की तस्वीरें सामने आई। मराठा आंदोलनकारियों ने राज्य परिवहन निगम की बस को आग के हवाले कर दिया।