जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई इलाके घने कोहरे की चपेट में हैं। इन राज्यों में अगले पांच दिन यही हाल रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक देश के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में गुरुवार तक न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस गिर सकता है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री दर्ज किया गया।

उधर, कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी हो रही है। हिमाचल में सड़कों पर बर्फ की मोटी परत जमी है, इसके चलते काफी सड़कें बंद हैं। क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने की वजह से जम्मू हवाई अड्डे पर बुधवार को नौ उड़ानें रद्द कर दी गईं। कश्मीर बुधवार को भीषण शीतलहर की चपेट में रहा और समूची घाटी में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को हुई बर्फबारी से लगातार दो रात से रात का तापमान जमाव बिंदु के नजदीक था, लेकिन उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में यह शून्य से 11 डिग्री नीचे पहुंच गया। उन्होंने कहा कि पर्यटक स्थल गुलमर्ग घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा। पहलगाम में तापमान शून्य से नौ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में छह डिग्री की गिरावट है।

अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, काजीगुंड में तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे, कुपवाड़ा में शून्य से 2.8 डिग्री नीचे और कोकरनाग में तापमान शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कश्मीर इस समय ‘चिल्लई कलां’ के दौर में है, जिस दौरान 40 दिन तक भीषण सर्दी पड़ती है। इस दौरान तापमान शून्य से नीचे चला जाता है व डल झील सहित घाटी के कई इलाकों में जल आपूर्ति लाइन और जलाशय जम जाते हैं।

राजस्थान के तीन शहरों में तापमान शून्य से नीचे पहुंचा : राजस्थान में ठंड तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार को प्रदेश के तीन शहरों में तापमान शून्य से नीचे चला गया। इस मौसम में पहली बार ऐसा हुआ है। सात शहरों में तापमान एक डिग्री से नीचे पहुंच गया। राजधानी जयपुर में भी सीजन की सबसे सर्द रात रही और पारा पहली बार 5.6 डिग्री दर्ज किया गया। छह शहरों को छोड़ सभी जगह तापमान पांच डिग्री से नीचे रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक अभी पारा और गिरेगा।

विभाग ने बताया कि न्यूनतम तापमान राज्य के एक मात्र पर्वतीय पर्यटक स्थल माउंट आबू में शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे, चूरू में शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे और पिलानी में 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भीलवाड़ा में 1.8 डिग्री सेल्सियस, ऐरनपुा में 2.8 डिग्री, सीकर में 3.0 डिग्री, डबोक-वनस्थली में 3.6-3.6 डिग्री, चित्तौरगढ़ में 3.8 डिग्री, गंगानगर में 3.9 डिग्री, कोटा में 4.4 डिग्री, अलवर-जैसलमेर में 4.6-4.6 डिग्री, सवाईमाधोपुर में 5.0 डिग्री, राजधानी जयपुर में 5.1 डिग्री, फलौदी में 5.2 डिग्री, बूंदी में 5.5 डिग्री, बीकानेर में 5.8 डिग्री, अजमेर में 6.8 डिग्री, बाडमेर में 6.9 डिग्री और जोधपुर में 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिमाचल में बर्फबारी जारी : बर्फबारी के बाद हिमाचल प्रदेश पूरी तरह से शीतलहर की चपेट में है। सात शहरों का न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु और उससे नीचे चला गया है। नाहन को छोड़ सभी शहरों का न्यूनतम तापमान एक और दो डिग्री के करीब है। सोलन और भुंतर की रातें शिमला से भी ज्यादा ठंडी हो गई हैं। यहां पारा शून्य से एक डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के मैदानी इलाकों में गुरुवार तक शीतलहर चलेगी। अगले पांच दिनों तक सभी जगह मौसम खराब रहने का अनुमान है।

मध्यप्रदेश के 17 जिलों में पारा 8 डिग्री से नीचे : शीतलहर का असर मध्य प्रदेश में दिख रहा है। प्रदेश के 70 फीसद इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। भोपाल समेत 17 जिलों में रात का तापमान 8 डिग्री से नीचे पहुंच गया। राजधानी में मंगलवार को दिन का तापमान भी सामान्य से 6 डिग्री नीचे 19.3 डिग्री पर पहुंच गया। यह ठंडा दिन रहा। उज्जैन समेत 5 अन्य जिलों में भी ठंडा दिन रहा। इंदौर और धार में गंभीर शीतलहर रहा। भोपाल में रात का तापमान सामान्य से 3 डिग्री नीचे 7.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश भर में रात का सबसे कम तापमान 3.2 डिग्री दतिया में दर्ज किया गया।

हरियाणा के कई जिलों में शीतलहर : हरियाणा के करीब सभी जिलों में मंगलवार की रात का तापमान 4 डिग्री से कम ही रहा। हिसार में यह 0 डिग्री पर आ गया। यह सामान्य से 7 डिग्री कम है। दिसंबर में यह 2 साल की सबसे ठंडी रात रही। पिछले साल 28 दिसंबर को पारा 0.2 डिग्री रहा था। 2018 में 26 दिसंबर को यह शून्य से 1 डिग्री था।

गुजरात में रात का तापमान 2.8 डिग्री गिरा : मंगलवार को न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री गिरकर 12.4 डिग्री रह गया। दिनभर 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं। बुधवार से प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी के आसार हैं।