Maharashtra Assembly Polls: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बीच नेताओं की तीखी बयानबाजी जारी है। इसी बीच मुंबई में ‘संविधान बचाओ सम्मेलन’ में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बिना नाम लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कई नेता साधुओं के वेश में रहते हैं और अब राजनेता बन गए हैं। कुछ तो मुख्यमंत्री भी बन गए हैं। वे ‘गेरुआ’ कपड़े पहनते हैं और उनके सिर पर बाल नहीं हैं। मैं भाजपा से कहूंगा, या तो सफेद कपड़े पहनें या अगर आप संन्यासी हैं या ‘गेरुआ’ कपड़े पहनते हैं, तो राजनीति से बाहर निकलें।

खड़गे ने कहा कि एक तरफ, आप ‘गेरुआ’ कपड़े पहनते हैं और दूसरी तरफ, आप कहते हैं ‘बटोगे तो कटोगे’। वे लोगों के बीच नफरत फैला रहे हैं और उन्हें बांटने की कोशिश कर रहे हैं।

शनिवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भाजपा के ‘बटेंगे तो कटेंगे’ नारे का जवाब देते हुए कहा- योगी के मुंह में राम है और बगल में छुरी है। योगी साधु की कपड़े में आते हैं और फिर बोलते हैं कि बटेंगे तो कटेंगे। बांटने वाले भी वो ही हैं और काटने वाले भी वो ही हैं।

महाराष्ट्र चुनाव में जिंदा हुआ वोट जिहाद का मुद्दा, देवेंद्र फडणवीस ने किया वोट धर्मयुद्ध का आह्वान

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि इन्होंने हजारों साल पहले मनुस्मृति में बांटा और तब से काटते आ रहे हैं। मनुस्मृति में ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, शूद्र और अतिशूद्र में बांटा। PM नरेंद्र मोदी बोलते हैं कि एक हैं तो सेफ हैं। अगर मोदी को एक होकर सेफ होना है तो मनुस्मृति को जलाना होगा।

खड़गे ने कहा कि वोटों के लिए एक होना और वोटों के लिए बांटने की बात कांग्रेस नहीं करती है। कांग्रेस ने हमेशा एक होकर और एक रहकर काम किया है। इसलिए महात्मा गांधी ने अपने प्राण दे दिए। गांधी की हत्या करने वाले गोडसे इनकी विचारधारा वाला था। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी को भी इन्हीं की विचारधारा वालों ने हत्या की। हम एक रहना चाहते हैं तो गोलियां हमारे ऊपर ही चलती है। राजीव गांधी भी इस देश को एक रखना चाहते थे। उनकी भी हत्या कर दी गई। उनके टुकड़े-टुकड़े कर दिए गए।