दो बार भारत के प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह का गुरुवार को निधन हो गया। 92 साल के मनमोहन सिंह को कल शाम तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था जहां उन्होंने आखिरी सांस ली। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर निगमबोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘सरकार ने निर्णय लिया है कि डॉ. मनमोहन सिंह का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार 28 दिसंबर, 2024 को सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर निगमबोध घाट, नयी दिल्ली में होगा।’’ इसमें कहा गया है कि रक्षा मंत्रालय से मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ करने के लिए प्रबंध किए जाने का अनुरोध किया गया है।

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी से आग्रह किया कि पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार ऐसे स्थान पर किया जाए जहां उनका स्मारक बन सके। उन्होंने प्रधानमंत्री से टेलीफोन पर बात करके और पत्र लिखकर यह आग्रह किया।

पूर्व पीएम के स्मारक की मांग

कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम को लिखे पत्र में कहा, “मैं यह पत्र भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के दुखद निधन के संदर्भ में लिख रहा हूं। टेलीफोन पर बातचीत में मैंने डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार जो कल यानी 28 दिसंबर 2024 को होगा, उनके अंतिम विश्राम स्थल पर करने का अनुरोध किया। यह भारत के महान सपूत के स्मारक के लिए एक पवित्र स्थल होगा।”

‘पापाजी नहीं रहे’, मनमोहन सिंह की बहनों को नहीं हो रहा भाई के निधन पर विश्वास, चाहकर भी पूरी नहीं हो पा रही ‘इच्छा’

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यह आग्रह राजनेताओं और पूर्व प्रधानमंत्रियों के अंतिम संस्कार के स्थान पर ही उनके स्मारक रखने की परंपरा को ध्यान में रखते हुए है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “डॉ. मनमोहन सिंह देश और इस देश के लोगों के मानस में एक अत्यंत सम्मानित स्थान रखते हैं। हालांकि उनका योगदान और उपलब्धियां अभूतपूर्व हैं। मैं यहां उनकी कुछ अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर ध्यान देना चाहूँगा।”

मनमोहन सिंह के लिए क्या बोले थे बराक ओबामा

खड़गे ने कहा, “दुनियाभर के नेताओं के मन में मनमोहन सिंह के प्रति आदर और सम्मान था। वैश्विक आर्थिक वित्तीय संकट को कम करने में उनकी विद्वतापूर्ण सलाह, नेतृत्व और योगदान को अच्छी तरह से स्वीकार किया जाता है। जैसा कि मुझे याद है, अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान राष्ट्रपति ओबामा ने मनमोहन सिंह का उल्लेख किया था और टिप्पणी की थी कि जब भी भारतीय प्रधानमंत्री बोलते हैं, तो पूरी दुनिया उन्हें सुनती है।” उन्होंने आग्रह किया कि अंतिम संस्कार ऐसे स्थान पर किया जाए जहां उनका स्मारक बन सके। Manmohan Singh Death News Update

(Input- PTI/Bhasha)