कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने शुक्रवार को सरकार से आग्रह किया कि एअर इंडिया को टाटा समूह से वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि टाटा समूह ने एयरलाइन को बर्बाद कर दिया है और कभी राष्ट्रीय एयरलाइन रही इस एयरलाइन का प्राइवटाइजेशन एक त्रासदी साबित हुआ है। टाटा समूह या एअर इंडिया की ओर से हालांकि इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
चंडीगढ़ से लोकसभा सदस्य तिवारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि ‘‘चाय उगाने वाले’’ और ‘‘कार बनाने वाले’’ लोग अब एअर इंडिया का संचालन रहे हैं। तिवारी ने कहा, ‘‘भारत सरकार को एअर इंडिया को टाटा कंपनियों से वापस ले लेना चाहिए। उन्होंने एयरलाइन को बर्बाद कर दिया है।’’
मनीष आगे लिखते हैं, “पायलट और क्रू मुझे बताते हैं कि जो लोग टाटा टी में चाय उगाते हैं, टाटा स्टील में स्टील बनाते हैं, टाटा मोटर्स में कार बनाते हैं, वे ही एअर इंडिया को चला रहे हैं। जिन लोगों को मैं पिछले 40 सालों से व्यक्तिगत रूप से जानता हूँ और जो अच्छे पेशेवर हैं। एयरलाइन पूरी तरह से मैनेजमेंट में गड़बड़ है। एअर इंडिया को चलाने वाला शायद ही कोई सक्षम विमानन पेशेवर हो। निजीकरण एक आपदा साबित हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘बिना किसी कारण के उड़ानें रद्द कर दी गईं, उड़ानें देरी से चल रही हैं।’’
एअर इंडिया के दो विमानों ने दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ान नहीं भरी
एअर इंडिया के दो विमानों ने तकनीकी समस्या के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ान नहीं भरी। लंदन और अमृतसर जाने वाले एअर इंडिया के दो विमान तकनीकी समस्या के कारण गुरुवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ान नहीं भर सके। लंदन के लिए उड़ान भरने वाला एअर इंडिया का बोइंग 787-9 विमान तकनीकी समस्या के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ान नहीं भर सका। इसी तरह, अमृतसर जाने वाला एअर इंडिया का A321 विमान भी तकनीकी समस्या के कारण दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान नहीं भर सका। पढ़ें- एअर इंडिया के दो विमानों में आई तकनीकी समस्या
(भाषा के इनपुट के साथ)