पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2021 में होने को हैं। जिसको लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अभी से ही चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है। इस दौरान उनके ऊपर पार्टी के बागियों का संकट भी नजर रहा है। इसी बीच ममता बनर्जी कोलकाता में आयोजित एक संगीत कार्यक्रम में हलके-फुल्के अंदाज में नजर आईं। लोक कलाकारों के इस कार्यक्रम में जानी मानी संथाली नृत्यांगना बसंती हेम्ब्रम भी ममता बनर्जी के साथ नृत्य करती दिखीं।

पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में ममता बनर्जी ने कई लोक कलाकारों को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम में उन्होंने बसंती हेम्ब्रम को भी सम्मानित किया। इस दौरान हेम्ब्रम ने ममता बनर्जी को डांस के कुछ स्टेप्स दिखाए जिसके बाद दोनों मंच पर साथ-साथ पैर थिरकाते हुए नजर आईं। चुनावी टेंशन और भाजपा की अतिसक्रियता के बीच मुख्यमंत्री का एक नया अंदाज देखने को मिला।

हालाँकि यहाँ भी ममता अपने चिरपरिचित अंदाज में दिखीं और विरोधियों पर निशाना साधने से नहीं चुकीं। मंच पर संबोधन के दौरान उन्होंने बीजेपी का बिना नाम लिए हुए खूब जम कर निशाना साधा। ममता ने कहा कि बंगाल को गुजरात नहीं बनाया जा सकता है। यहाँ बार बार गुजरात मॉडल की चर्चा हो रही है . लेकिन यह ध्यान रखना चाहिए कि बंगाल ने ही राष्ट्रगान , राष्ट्रगीत और देश को जय हिन्द जैसे नारे दिए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बंगाल को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन ऐसा कर पाना संभव नहीं हैं। एक दिन ऐसा आएगा जब सब लोग बंगाल को गर्व भरी निगाहों से देखेंगे।

भले ही आज ममता बनर्जी का डांस वाला यह वीडियो लोगों के बीच पसंद किया जा रहा हो लेकिन इसके पहले उनकी एक पेंटिंग को भी लोग काफी पसंद कर चुके हैं। यही नहीं 2017 में जब राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बंगाल के दौरे पर गए थे तो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन्हें अपनी बनाई हुई एक पेंटिंग भेंट की थी। जिसके बाद राष्ट्रपति कोविंद ने कहा था कि मैं यह जानकर बहुत ही आश्चर्यचकित हूँ कि आपने यह पेंटिंग बनाई है। मैं आपको आश्वासन देता हूँ कि यह पेंटिंग निश्चित तौर पर राष्ट्रपति भवन में लगेगी।