भारत को आजादी मिलने के कई सालों बाद तक पॉलिटिक्स में ना तो महिलाओं की भागीदारी बहुत ज्यादा थी और ना ही उन्हें इतनी तवज्जो दी जाती थी। हालांकि, अब महिलाएं सत्ता बदलने का दमखम रखती हैं। यही कारण है कि अब महिलाओं को ध्यान में रखते हुए चुनावी स्कीम लाई जाने लगी हैं। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी महिला सम्मान योजना के लिए आज से रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है। दिल्ली कोई पहला राज्य नहीं है जहां पर महिलाओं को 2100 रुपये देने का वादा किया गया है। इसके अलावा कई अन्य राज्यों में भी महिलाओं को पैसे दिए जा रहे हैं।
सबसे पहले महिलाओं को वित्तीय मदद देने का ट्रेंड पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने साल 2021 में शुरू किया था। इसका उन्हें चुनाव में काफी फायदा भी मिला था। उन्होंने लक्ष्मी भंडार योजना नाम से इसे शुरू किया था। इस योजना के तहत 25 से 60 साल की उम्र की महिलाओं को मदद दी जाती है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं को हर महीने 1,200 जबकि बाकी महिलाओं को 1,000 रुपये की मदद मिलती है।
पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने एमपी में लागू की स्कीम
साल 2023 में शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली मध्य प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना शुरू की थी। इस स्कीम के तहत एक हजार रुपये की मदद दी जाती थी। पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में इसमें 250 रुपये बढ़ा दिए थे। अब यहां पर महिलाओं को 1250 रुपये की सहायता दी जाती है।
एमके स्टालिन सरकार ने भी महिलाओं के लिए शुरू की थी स्कीम
कांग्रेस पार्टी ने सितंबर 2022 में इंदिरा गांधी प्यारी योजना की हिमाचल प्रदेश में घोषणा की थी। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने को कहा था। सुक्खू सरकार अब महिलाओं को हर महीने पैसे दे रही है। सीएम एमके स्टालिन ने सितंबर 2023 में ‘कलैगनार मगलिर उरीमाई थित्तम योजना’ शुरू की थी। इसके तहत, 21 साल से ज्यादा उम्र की महिला मुखिया को हर महीने 1,200 रुपये की मदद मिलती है।
दिल्ली में ‘महिला सम्मान योजना’ के लिए आज से रजिस्ट्रेशन शुरू
महाराष्ट्र में भी महिलाओं को मिल रहा फायदा
महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार ने ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना’ का ऐलान किया था। इस योजना के तहत 21 से 65 साल की महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की मदद गई। इस स्कीम का महायुति की सरकार को बेहद फायदा मिला और चुनावों में उनकी बंपर जीत हुई।
हरियाणा में अक्टूबर 2024 में चुनाव हुए हैं। यहां पर चुनाव होने से पहले भारतीय जनता पार्टी ने महिलाओं से वादा किया कि अगर वह सत्ता में लौटते हैं तो महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये दिए जाएंगे। राज्य में बीजेपी की सरकार तीसरी बार सत्ता में लौटी। अब नवंबर के महीने में रजिस्ट्रेशन पोर्टल को चालू कर दिया गया है।
झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी महिलाओं के लिए स्कीम
झारखंड में भी चुनाव होने से पहले सीएम हेमंत सोरेन ने ‘मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना’ की घोषणा की थी। इसके तहत 21 से 50 साल की उम्र की सभी महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का ऐलान किया गया था। उनकी इनकम तीन लाख से कम होनी चाहिए। इसके बाद हेमंत सोरेन की पार्टी चुनावों में जीती और राज्य में उनकी सरकार बनी। छत्तीसगढ़ में साल 2023 में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने महतारी वंदन योजना का ऐलान किया। चुनावों में पार्टी की जीत के बाद में 10 मार्च 2024 को एक हजार रुपये की पहली किस्त जारी की। 19 जुलाई 2023 को सिद्धारमैया सरकार ने ‘गृह लक्ष्मी योजना’ शुरू की थी। इस योजना के तहत परिवार की महिला मुखिया को हर महीने 2 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। दिल्ली चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल की बड़ी घोषणा, दलित छात्रों को दी जाएगी आंबेडकर स्कॉलरशिप पढ़ें विस्तृत खबर…