Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस (Congress) की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों राजस्थान पहुंची है। राज्य के अलवर में सोमवार (19 दिसंबर) को राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने एक रैली में लोगों को संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Conress Chief Mallikarjun Kharge) ने भाजपा (BJP) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमारे लोगों ने देश के लिए कुर्बानी दी लेकिन भाजपा ने कौन सी कुर्बानी दी।
Mallikarjun kharge- “आपका कोई कुत्ता भी मरा है क्या?”
अलवर में कांग्रेस के अध्यक्ष कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा, “हमने देश को आजादी दिलाई और देश की एकता के लिए श्रीमती इंदिरा गांधी जी, राजीव गांधी जी ने अपनी जान की कुर्बान दी। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि देश के लिए हमने अपनी जान दी, तुमने क्या किया? आपके घर में देश के लिए क्या कोई कुत्ता मरा है? क्या कोई कुर्बानी दी है?, नहीं दी है। इसके बाद भी वो देशभक्त हैं और हम कुछ बोलते हैं तो देशद्रोही हैं।
खड़गे ने एलएसी (LAC) पर तनाव के मुद्दे पर कहा कि हम चीन के साथ हुई सीमा पर झड़प पर सदन में चर्चा चाहते हैं लेकिन सरकार चर्चा के लिए तैयार नहीं है। वह बाहर तो शेर जैसी बात करते हैं लेकिन असल में वह चूहे की चाल चलते हैं। हम देश के साथ हैं लेकिन सरकार अहम जानकारी छुपा रही है।
राहुल गांधी ने उठाया अंग्रेजी का मुद्दा:
अलवर में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा अंग्रेजी के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता जहां भी जाते हैं, अंग्रेजी के खिलाफ बात करते हैं। स्कूलों में अंग्रेजी नहीं होनी चाहिए। कभी आप उनसे पूछिए की उनका बेटा किस स्कूल में पढ़ता है? इनके सभी CM, सांसदों, विधायकों के बच्चें अंग्रेजी माध्यम स्कूल में जाते हैं।
उन्होंने कहा कि ये नहीं चाहते हैं कि देश के गरीब का बच्चा अंग्रेजी सीखे। मैं ये नहीं कहता कि हिंदी या अन्य भाषाएं नहीं सीखनी चाहिए मगर आपको दुनिया के दूसरे देशों से बात करनी है तो वहां हिंदी काम नहीं आएगी, वहां अंग्रेजी ही काम आएगी।
